Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गाली देने से रोका तो रात में फूंक दीं गाड़ियां:ऑटो और दो बाइक खाक, घर तक पहुंच गईं लपटें

साईं सुमन नगर में मेहमानों के सामने गाली-गलौज का विरोध करना परिवार को पड़ा भारी, रात दो बजे बदमाशों ने घर के बाहर खड़े वाहनों में लगाई आग।
ऑटो और दो बाइक खाक, घर तक पहुंच गईं लपटें

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में बदमाशों की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर के सामने गाली-गलौज करने से रोकने पर दो बदमाशों ने देर रात एक रहवासी इलाके में खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। इस आगजनी में एक ऑटो रिक्शा और दो मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की चपेट में आने से घर का बिजली मीटर भी जल गया। गनीमत रही कि समय रहते लोगों की नींद खुल गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र के साईं सुमन नगर की है। यहां रहने वाले संजय डाबी ने पुलिस को शिकायत में बताया कि शाम के समय क्षेत्र के बदमाश जीत उर्फ बब्बन और उसका साथी अर्पित उनके घर के सामने खड़े होकर गाली-गलौज कर रहे थे।

 

मेहमानों के सामने गाली देने से रोका

संजय के घर उस समय मेहमान आए हुए थे। उन्होंने और उनके परिवार ने दोनों युवकों से कहा कि घर के सामने गाली-गलौज न करें और कहीं दूसरी जगह चले जाएं। इस बात पर दोनों आरोपी भड़क गए और संजय को अंजाम भुगतने तथा देख लेने की धमकी देकर वहां से चले गए।

 

रात दो बजे धूं-धूं कर जलीं गाड़ियां

रात करीब 2:15 बजे संजय और उनके परिवार को कुछ जलने की तेज बदबू महसूस हुई। इसी दौरान पड़ोसी जयप्रसाद और उनकी पत्नी ममता की चीख-पुकार सुनाई दी। परिवार जब घर से बाहर निकला तो सामने का नजारा देखकर हैरान रह गया। घर के बाहर खड़ी ऑटो रिक्शा और दो मोटरसाइकिलें आग की लपटों में घिरी हुई थीं। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जल गए।

 

आरोपियों को मौके पर देखने का दावा

संजय डाबी ने पुलिस को बताया कि बाहर निकलने पर उन्होंने जीत उर्फ बब्बन और अर्पित को मौके पर देखा था। आरोप है कि दोनों ने पुरानी रंजिश और खुन्नस के चलते वाहनों में आग लगाई। पीड़ित और आसपास के लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

घर तक पहुंच गई आग की लपटें

स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक ऑटो रिक्शा और दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह जल चुकी थीं। आग की तेज लपटों से संजय के घर के बाहर लगा बिजली मीटर भी जल गया। यदि आग कुछ और फैलती तो पूरा मकान इसकी चपेट में आ सकता था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

बाणगंगा पुलिस ने फरियादी संजय डाबी की शिकायत पर आरोपी जीत उर्फ बब्बन और अर्पित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts