बूंदों के बीच हाथियों का ‘फैमिली टाइम’, नाना गौतम संग कृष्णा की मस्ती ने जीता दिल

जबलपुर। बारिश की बूंदों के बीच बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथियों का अलग ही अंदाज देखने को मिला। परासी गेट पर चल रहे हाथी महोत्सव और रिजुविनेशन कैंप के दूसरे दिन हाथियों ने जमकर मस्ती की। इस दौरान नन्हा कृष्णा अपने 80 वर्षीय नाना गौतम के आसपास घूमता और उनकी ओर दौड़ता नजर आया। वहीं मुरली और बरखा की उछलकूद ने भी कैंप का माहौल खुशनुमा बना दिया। बारिश के बीच हाथियों की गतिविधियां देखने के लिए ग्रामीण भी उत्सुक नजर आए।
नाना गौतम के साथ कृष्णा की मस्ती
हाथी परिवार के सबसे बुजुर्ग सदस्य गौतम के साथ नन्हे कृष्णा की नजदीकी दूसरे दिन भी देखने को मिली। कृष्णा कई बार गौतम की ओर दौड़ता और उनके आसपास घूमता नजर आया। बारिश के बीच दोनों के बीच यह जुड़ाव कैंप में मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं मुरली और बरखा भी बारिश के दौरान उछलकूद करते रहे। हाथियों की इन गतिविधियों को देखकर ग्रामीणों और महावतों में भी खुशी देखने को मिली। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाथी सामाजिक और संवेदनशील वन्यजीव हैं। उनके व्यवहार में आपसी जुड़ाव और भावनाओं की अभिव्यक्ति दिखाई देती है।
फील्ड डायरेक्टर ने महावतों से की चर्चा
हाथी महोत्सव और रिजुविनेशन कैंप में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय भी पहुंचे। उन्होंने कैंप में मौजूद सभी 11 महावतों और चाराकटरों से हाथियों की देखभाल और स्वास्थ्य को लेकर चर्चा की। उन्होंने हाथियों का स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक संचालक मानपुर, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी, परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर, परिक्षेत्र अधिकारी धमोखर सहित अन्य वनकर्मी भी मौजूद रहे।
हाथी महोत्सव का क्या है उद्देश्य?
फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय के अनुसार, हाथी महोत्सव और रिजुविनेशन कैंप का उद्देश्य पालतू हाथियों को आराम देने के साथ उनके स्वास्थ्य की जांच और विशेष देखभाल करना है। कैंप में हाथियों को उनकी पसंद का भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है और स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जा रहा है। बारिश के बीच हाथियों की मस्ती ने इस कैंप की गतिविधियों में एक अलग रंग जोड़ दिया। खास तौर पर कृष्णा और उसके 80 वर्षीय नाना गौतम के बीच दिखी नजदीकी ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।




















