बालाघाट में चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू :जहरीली गैस से भरे 50 फीट गहरे कुएं से महिला का शव निकाला

बालाघाट। रजेगांव चौकी क्षेत्र में एक महिला के 50 फीट गहरे कुएं में गिरने से मौत हो गई। कुएं में जहरीली गैस होने के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। जिला होमगार्ड की विशेष आपदा एवं बचाव दल और त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद महिला के शव को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया।
जहरीली गैस के कारण बढ़ी चुनौती
घटना की सूचना मिलते ही जिला कंट्रोल रूम ने होमगार्ड कार्यालय को जानकारी दी। इसके बाद विशेष आपदा एवं बचाव दल और क्यूआरटी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कुएं के अंदर जहरीली गैस का असर होने से सामान्य तरीके से रेस्क्यू संभव नहीं था।
सुरक्षा उपकरणों के साथ कुएं में उतरे जवान
रेस्क्यू टीम ने पहले सभी सुरक्षा इंतजाम किए और फिर विशेष उपकरणों की मदद से अभियान शुरू किया। प्रशिक्षित जवान अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं के भीतर उतरे और सावधानीपूर्वक महिला के शव तक पहुंचे। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस को सौंपा गया शव
रेस्क्यू पूरा होने के बाद महिला के शव को पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान पर उनकी नजर बनी रही।
ये भी पढ़ें: चार साल पुराने हत्याकांड में फैसला : रोहित थापा हत्याकांड के दोषी को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया जुर्माना
ग्रामीणों ने की टीम की सराहना
स्थानीय लोगों ने होमगार्ड, विशेष आपदा एवं बचाव दल और क्यूआरटी के जवानों की तत्परता, साहस और पेशेवर तरीके से किए गए रेस्क्यू की सराहना की। उनका कहना था कि विषम परिस्थितियों में भी टीम ने धैर्य और दक्षता के साथ अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।












