Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बैगा बच्चों की मौत पर पटवारी ने सरकार को घेरा, बोले- आदिवासी इलाकों में कुपोषण गंभीर

बालाघाट में बैगा बच्चों की मौत के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आदिवासी इलाकों में कुपोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल उठाते हुए प्रभावित परिवारों को न्याय देने की मांग की। पटवारी ने विशेष अभियान, अलग बजट और आदिवासी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग भी की।
बैगा बच्चों की मौत पर पटवारी ने सरकार को घेरा, बोले- आदिवासी इलाकों में कुपोषण गंभीर

बालाघाट। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को बालाघाट में बैगा बच्चों की मौत के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी इलाकों में स्वास्थ्य और कुपोषण की समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन सरकार वास्तविक स्थिति सामने लाने के बजाय आंकड़ों को छिपाने की कोशिश कर रही है। पटवारी ने कहा कि बच्चों की मौत के मामलों में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और प्रभावित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुपोषण सिर्फ बालाघाट की समस्या नहीं है। झाबुआ, आलीराजपुर, मंडला, डिंडौरी और शिवपुरी समेत कई आदिवासी बहुल जिलों में भी यह चिंता का विषय है।

आदिवासी इलाकों के लिए अलग बजट की मांग

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस के आदिवासी विधायकों ने विधानसभा में बैगा और आदिवासी समाज से जुड़े करीब 500 सवाल उठाए हैं, लेकिन सरकार ने इन मुद्दों पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कुपोषण प्रभावित क्षेत्रों के लिए अलग बजट रखने और विशेष अभियान चलाने की मांग की। पटवारी ने कहा कि गांवों में जागरूकता बढ़ाने के साथ आदिवासी परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने पर भी ध्यान देना चाहिए।

बालाघाट चावल घोटाले का भी उठाया मुद्दा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बालाघाट के चावल घोटाले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार का असर गरीब और आदिवासी वर्ग तक पहुंच रहा है। पटवारी ने कहा कि किसी घटना के बाद सिर्फ औपचारिक कार्रवाई करने के बजाय सरकार को ऐसे मामलों का स्थायी समाधान निकालने की दिशा में काम करना चाहिए।

Breaking News

न्याय के लिए निकाली यात्रा

बालाघाट पहुंचने से पहले पटवारी किरनापुर में आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारवार्ता की और आंबेडकर चौक रोड पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उनकी अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर न्याय यात्रा निकाली। कार्यक्रम में विक्रांत भूरिया, विधायक संजय उइके, विवेक विक्की पटेल, मधु भगत, पुष्पा बिसेन और श्याम पंजवानी समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

आदिवासी ब्लॉकों में प्रदर्शन की चेतावनी

पटवारी ने कहा कि स्वास्थ्य, कुपोषण, गरीबी और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस प्रदेश के आदिवासी ब्लॉकों में धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने अधिकारियों के घेराव की बात भी कही।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts