राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला:टिन्नू यादव के हॉस्टल से 20 लाख रुपए बरामद, पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा

अयोध्या। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टिन्नू यादव को उसके हॉस्टल लेकर पहुंची, जहां दो कमरों की तलाशी में 20 लाख रुपए मिले। पुलिस के अनुसार, टिन्नू यादव और उसके भतीजे मनीष यादव से अब तक करीब 23 लाख रुपए बरामद किए जा चुके हैं। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद हॉस्टल पहुंची पुलिस
टिन्नू यादव की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस उसे लेकर अयोध्या की दुर्गापुरी कॉलोनी स्थित हॉस्टल पहुंची। चार पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हॉस्टल के दो कमरों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कमरे से 20 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आरोपी की निशानदेही पर की गई।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: हिट एंड रन के बाद पुलिस को रौंदने निकला ट्रक चालक गिरफ्तार, बैरिकेड तोड़कर भागा,आज कोर्ट में होगी पेशी
23 लाख रुपए की बरामदगी का दावा
पुलिस के मुताबिक, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब तक टिन्नू यादव और उसके भतीजे मनीष यादव के पास से करीब 23 लाख रुपए बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से 20 लाख रुपए हॉस्टल के कमरे से मिले हैं, जबकि बाकी राशि अन्य कार्रवाई के दौरान बरामद हुई। बरामद नकदी को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पूछताछ में जुटी पुलिस टीम
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और टिन्नू यादव से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि चोरी की रकम और आभूषणों को कहां-कहां छिपाया गया था। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें: PoK में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ बगावत! रक्षा मंत्री के बयान पर भड़के PM, बिलावल ने भी लगाई फटकार
ट्रस्ट सदस्य की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
बता दें कि रामजन्मभूमि थाने में यह एफआईआर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंदिर के चढ़ावे की गिनती के दौरान आपराधिक षड्यंत्र के तहत नकदी और आभूषणों की चोरी की गई। पुलिस इसी आधार पर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
एफआईआर में कई आरोपियों के नाम शामिल
एफआईआर में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव समेत अन्य अज्ञात लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। पुलिस सभी आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाने में लगी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












