राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला:यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय करेंगे दर्शन, 20 घंटे तक रहे हाउट अरेस्ट

अयोध्या। कांग्रेस ने चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकते हुए हिरासत में ले लिया। वहीं एसआईटी लगातार मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों से पूछताछ का सिलसिला जारी है। जांच के दायरे में आए अधिकारियों पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है। पूरे घटनाक्रम के बाद मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नई हलचल पैदा कर दी है।
अजय राय को किया नजरबंद
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को सोमवार देर रात पुलिस अयोध्या लेकर पहुंची और पहले एक होटल में नजरबंद किया गया। इसके बाद उन्हें कृषि विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस ले जाया गया। अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के विरोध में ट्रस्ट कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था। प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पूनिया और उज्ज्वल रमण सिंह भी शामिल थे, जिन्हें भी हाउस अरेस्ट किया गया।
कार्यकर्ताओं को मंदिर जाने से पहले रोका
मंगलवार दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राम जन्मभूमि मंदिर की ओर कूच किया। पुलिस ने मंदिर से करीब एक किलोमीटर पहले टेढ़ी बाजार क्षेत्र में उन्हें रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें वाहनों में बैठाकर वहां से हटाया।
एसआईटी ने आरोपियों से की पूछताछ
बताया जा रहा है कि एसआईटी ने जेल में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला और करुणेश पांडे से करीब दो घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान 5 जून को बरामद 20 लाख रुपये और गहनों को लेकर सवाल किए गए। इससे पहले अदालत ने चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आठों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए बढ़ा दी थी।
ये भी पढ़ें: मालवा एक्सप्रेस में यात्री को मिला गंदा बेडरोल: सोशल मीडिया पर आई शिकायत, रेलवे ने लिया तुरंत एक्शन
रेडियो ऑपरेशन अधिकारी का हुआ ट्रांसफर
राम मंदिर में पिछले 17 वर्षों से तैनात रेडियो ऑपरेशन अधिकारी अर्जुन देव का तबादला गोरखपुर कर दिया गया है। चढ़ावे की गिनती वाले काउंटिंग रूम के सीसीटीवी और मंदिर परिसर में लगे 1600 कैमरों की निगरानी की जिम्मेदारी उनके पास थी। बताया जा रहा है कि एसआईटी ने उनकी भूमिका को भी जांच के दायरे में लिया है। रिपोर्ट में उनकी लंबे समय से अयोध्या में तैनाती और ट्रस्ट के कार्यों में दखल का भी उल्लेख किया गया है।
8 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से भी पुलिस ने करीब तीन घंटे तक पूछताछ की और चढ़ावा चोरी की जानकारी मिलने के समय और उसके बाद की गई कार्रवाई को लेकर सवाल किए। गौरतलब है कि चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। इसके बाद 13 जून को एसआईटी का गठन किया गया, 25 जून को एफआईआर दर्ज हुई और आठ आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।












