अयोध्या के मेडिकल कॉलेज में पर्चे पर मिला बम बनाने का तरीका,मचा हड़कंप; 3 छात्र हिरासत में

उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में शनिवार एक संदिग्ध दस्तावेज मिलने के बाद हड़कंप मच गया। कॉलेज के एक्स-रे विभाग की एक दराज से ऐसा कागज बरामद हुआ, जिसमें कथित तौर पर विस्फोटक तैयार करने से जुड़ा एक लेआउट बना होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को बुलाया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन छात्रों को हिरासत में लिया है।
एक्स-रे विभाग की दराज में मिला संदिग्ध दस्तावेज
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8 बजे एक्स-रे विभाग के प्रभारी अपनी नियमित ड्यूटी पर पहुंचे। विभाग की एक दराज खोलने पर उन्हें एक संदिग्ध कागज मिला। प्रारंभिक तौर पर उस पर कथित रूप से विस्फोटक तैयार करने से जुड़ा लेआउट बना दिखाई दिया। विभागाध्यक्ष ने तुरंत इसकी जानकारी मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अरविंद सिंह को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने बिना देरी किए स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी।
रात की ड्यूटी पर तैनात छात्र जांच के दायरे में
प्रारंभिक जांच में पता चला कि शुक्रवार रात एक्स-रे विभाग में फर्स्ट ईयर का एक छात्र ड्यूटी पर मौजूद था। पुलिस के अनुसार, छात्र की पहचान सरफराज, निवासी बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि ड्यूटी के समय दो अन्य लोग भी उसके साथ मौजूद थे। इसके बाद पुलिस ने सरफराज के अलावा अभिषेक और संतोष नामक दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस ने संदिग्ध दस्तावेज को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि दस्तावेज किसने तैयार किया, उसका उद्देश्य क्या था और क्या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश थी या फिर किसी ने शरारत अथवा माहौल बिगाड़ने की नीयत से ऐसा किया। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि हिरासत में लिए गए तीनों लोगों की इस मामले में क्या भूमिका रही।
कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को दिया पूरा सहयोग
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए CMS डॉ. अरविंद सिंह ने कहा कि जैसे ही संदिग्ध पर्चे की जानकारी मिली, पुलिस को तत्काल सूचित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रहा है और आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था की भी हो रही समीक्षा
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई है। पुलिस और अन्य एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल अधिकारियों ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार करने की बात कही है।












