ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने का सुनहरा मौका :भारतीय छात्रों को 50% तक ट्यूशन फीस में छूट; जानें योग्यता और एप्लीकेशन प्रोसेस

ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के लिए अच्छी खबर है। ऑस्ट्रेलिया की ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए Vice Chancellor's International Scholarship की घोषणा की है। इस स्कॉलरशिप के तहत पात्र भारतीय छात्रों को अंडरग्रेजुएट (UG) और पोस्टग्रेजुएट (PG) कोर्स की पूरी अवधि तक 50% तक ट्यूशन फीस में छूट मिलेगी।
यह स्कॉलरशिप उन छात्रों के लिए है, जो 2026 या 2027 में ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी में फुल-टाइम पढ़ाई शुरू करना चाहते हैं और तय पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं। इसका उद्देश्य मेधावी छात्रों की आर्थिक मदद करना और उन्हें विदेश में उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर देना है।
किन छात्रों को मिलेगा स्कॉलरशिप का लाभ?
यह स्कॉलरशिप उन नए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए है, जो ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी में फुल-टाइम अंडरग्रेजुएट या पोस्टग्रेजुएट कोर्स में दाखिला लेंगे। चयनित छात्रों को पूरी डिग्री के दौरान ट्यूशन फीस में 50% तक की छूट मिलेगी। हालांकि, इसके लिए यूनिवर्सिटी द्वारा तय सभी नियमों और शर्तों का पालन करना जरूरी होगा।
यह भी पढ़ें: NEET UG Counselling 2026 : मेडिकल एडमिशन से पहले MCC ने बदले 3 बड़े नियम, लाखों छात्रों का होगा फायदा
आवेदन के लिए क्या है पात्रता?
- आवेदक भारत का नागरिक होना चाहिए।
- ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी के किसी पात्र UG या PG कोर्स का ऑफर लेटर होना चाहिए।
- पिछली पढ़ाई में अच्छा शैक्षणिक रिकॉर्ड होना जरूरी है।
- न्यूनतम 6.0 GPA या उसके बराबर अंक होने चाहिए।
- चुने गए कोर्स के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अंग्रेजी भाषा की सभी शर्तें पूरी करनी होंगी।
कैसे करें आवेदन?
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने से पहले छात्रों को ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी के पसंदीदा कोर्स में एडमिशन के लिए आवेदन करना होगा। ऑफर लेटर मिलने के बाद तय समय सीमा के भीतर स्कॉलरशिप के लिए अलग से आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ शैक्षणिक दस्तावेज और पर्सनल स्टेटमेंट भी जमा करना होगा। इसके बाद यूनिवर्सिटी की चयन समिति सभी आवेदनों की समीक्षा कर योग्य उम्मीदवारों का चयन करेगी।
जानें आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें
ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी अलग-अलग ट्राइमेस्टर के अनुसार आवेदन स्वीकार कर रही है।
ट्राइमेस्टर-3 (नवंबर 2026 इनटेक): आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026, जबकि परिणाम 28 अगस्त 2026 तक जारी किए जाएंगे।
ट्राइमेस्टर-1 (मार्च 2027 इनटेक): आवेदन की अंतिम तिथि 28 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
क्यों खास है यह स्कॉलरशिप?
विदेश में पढ़ाई के दौरान सबसे बड़ी चुनौती ट्यूशन फीस होती है। ऐसे में ग्रिफिथ यूनिवर्सिटी की यह स्कॉलरशिप भारतीय छात्रों के लिए आर्थिक राहत देने के साथ ऑस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा हासिल करने का बेहतरीन मौका है। जो छात्र 2026 या 2027 में ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई की योजना बना रहे हैं, वे पहले यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए आवेदन करें और ऑफर लेटर मिलने के बाद समय रहते स्कॉलरशिप के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।











