जबलपुर में सेना की व्हीकल फैक्ट्री के पास संदिग्ध युवक मिलने से हड़कंप

जबलपुर। सेना की व्हीकल फैक्ट्री के पास बुधवार सुबह संदिग्ध हालत में घूम रहे युवक को लेकर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने कभी अपना नाम हामिद अंसारी, कभी शिवा बताया और खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी बताया। लोगों की सूचना पर रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
थाने में भी बदलता रहा बयान
रांझी थाने के एसआई सीताराम बकोड़े के अनुसार पूछताछ के दौरान युवक लगातार अपना नाम और पता बदलता रहा। उसकी मेडिकल जांच भी कराई गई। रांझी सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि पूछताछ में युवक की पहचान शिवम पाठक निवासी हरदौल, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पहले भी कई बार घर से भाग चुका
पुलिस के अनुसार शिवम मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया गया है। परिवार से संपर्क करने पर पता चला कि वह पहले भी कई बार घर से भाग चुका है। कुछ माह पहले वह राजस्थान चला गया था, जिसे परिजन तलाश कर वापस लाए थे। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर जबलपुर बुलाया है।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में मृत मिला चीतल, शव परीक्षण में आवारा कुत्तों के हमले की आशंका
पाकिस्तान बताने की वजह की जांच
स्थानीय लोगों ने युवक पर मंदिर के पास पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने का आरोप भी लगाया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने खुद को पाकिस्तानी क्यों बताया और उसके बयान क्यों बदलते रहे। स्थानीय लोगों के आरोपों की भी जांच की जा रही है।




















