Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जीवाजी यूनिवर्सिटी में एनएसयूआई का धरना खत्म, छात्र बोले- सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो फिर लिखेंगे पत्र

ग्वालियर में जीवाजी विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा को रिलीव करने की मांग को लेकर एनएसयूआई छात्र नेताओं का धरना बुधवार को समाप्त हो गया। धरना स्थल पर पहुंचे कुलपति प्रो. डीएस राजपूत ने छात्र नेताओं से बातचीत कर शासन को भेजे गए पत्र की जानकारी दी।
जीवाजी यूनिवर्सिटी में एनएसयूआई का धरना खत्म, छात्र बोले- सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो फिर लिखेंगे पत्र
जीवाजी यूनिवर्सिटी में एनएसयूआई का धरना खत्म

ग्वालियर। छात्र नेताओं ने कहा कि अगर कुलपति के पत्र पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव करेंगे। कुलपति ने बताया कि प्रभारी कुलसचिव को रिलीव करने और नया कुलसचिव भेजने के संबंध में शासन को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है, जिस पर सात दिन में कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा पत्र लिखा जाएगा।

कुलपति से बातचीत के बाद धरना हुआ समाप्त

कुलपति से बातचीत के दौरान छात्र नेता विशाल भदौरिया ने कहा कि विश्वविद्यालय ने 15 दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि शासन ने डीके बग्गा को स्थायी कुलसचिव बनाकर भेजा था, लेकिन बाद में उनका तबादला जबलपुर कर दिया गया और डॉ. राजीव मिश्रा प्रभारी कुलसचिव के पद पर बने हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इस तरह विश्वविद्यालय का संचालन कैसे होगा।

ये भी पढ़ें: कृषि उपज मंडी में मंडी सचिव पर तलवार से हमला, दोनों हाथों में आई चोट; पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की

शासन को पहले ही भेजा जा चुका है पत्र

छात्र नेताओं ने प्रभारी कुलसचिव को रिलीव करने के संबंध में शासन को पत्र लिखने की मांग की। कुलपति प्रो. डीएस राजपूत ने बताया कि इस संबंध में शासन को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है और उन्होंने छात्र नेताओं को पत्र भी दिखाया। पत्र में डीके बग्गा को जेयू का कुलसचिव बनाए जाने और बाद में उनके रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर तबादले का उल्लेख करते हुए नया कुलसचिव भेजने की मांग की गई है।

सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो फिर लिखेंगे पत्र

कुलपति प्रो. डीएस राजपूत ने कहा कि छात्रों की बात सुनी जा रही है, लेकिन धरने के तरीके पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यदि सात दिन में शासन स्तर पर पत्र पर कार्रवाई नहीं होती है तो दोबारा पत्र लिखा जाएगा। इसके बाद सहमति बनने पर छात्र नेताओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

Breaking News

चालानी फीस बढ़ोतरी और लॉ विभाग की समस्याएं उठाईं

छात्र नेताओं ने चालानी फीस में कई गुना वृद्धि का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इससे गरीब विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कुलपति ने कहा कि इस मामले को कार्यपरिषद यानी ईसी की बैठक में रखा जाएगा, साथ ही लॉ विभाग की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का भी जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया।

कार्रवाई नहीं हुई तो मंत्री के बंगले का घेराव

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि यदि शासन कुलपति के पत्र पर कार्रवाई नहीं करता है तो संगठन उच्च शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव करेगा। छात्र नेता पारस यादव ने बताया कि उन्होंने कुलपति से मिलने के लिए संदेश भेजा था, जिसके बाद बातचीत हुई और मांगों को लेकर सहमति बनने पर धरना समाप्त कर दिया गया।

Ambrish Anand
By Ambrish Anand

Latest Posts