जबलपुर से इंदौर फ्लाइट बंद होने की घोषणा से भड़के विवेक तन्खा, बोले-उपेक्षा जारी रही तो नया राज्य मांगेंगे

जबलपुर। जबलपुर से इंदौर के लिए चलने वाली इकलौती फ्लाइट को 25 अक्टूबर से बंद करने की घोषणा इंडिगो एयर लाइंस ने कर दी है जिसके बाद राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इंदौर के लिए एकमात्र फ्लाइट है जिसके बंद होने से बेहद दिक्क्तों का सामना करना होगा। लगातार जबलपुर के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे ही उपेक्षा होती रही तो नया राज्य मांगेंगे।
जबलपुर और महाकोशल ने क्या बिगाड़ा है?
तन्खा ने पीपुल्स समाचार पत्र से चर्चा के दौरान बताया कि पता नहीं क्यों प्रदेश के सत्ताधीश जबलपुर से क्यों नाराज हैं,जबलपुर और महाकोशल ने उनका क्या बिगाड़ा है। साफ दिख रहा है कि जबलपुर के साथ अन्याय किया जा रहा है। यदि आप इसी तरह से उपेक्षा करते रहेंगे तो नया राज्य की मांग उठेगी। छत्तीसगढ़ में यही हुआ था। मैं इसका आई विटनेस हूं। वो लोग हाईकोर्ट की बेंच चाह रहे थे। उन्होंने बेंच मांगी और उन्हें स्टेट मिल गया। आज आप रायपुर की हालत देखें कहां से कहां पहुंच गया है और जबलपुर देखिये और पिछड़ता जा रहा है। उज्जैन की हालत देखिये वहां तरक्की होती जा रही है। क्या जहां से लीडरशिप आएगी तरक्की वहीं होगी,और जहां से लीडरशिप नहीं आएगी वहां काम नहीं होंगे।
ये भी पढ़ें: MP हाईकोर्ट पहुंचा WhatsApp ब्लॉकिंग मामला, वरिष्ठ अधिवक्ता के दो नंबर किए गए ब्लॉक
साउथ, नॉर्थ, ईस्ट कहीं से जबलपुर की कनेक्टिविटी नहीं
जबलपुर से मात्र 4-5 फ्लाइट हैं।एक नवी मुंबई चलने लगी थी जिसे उन्होंने मुंबई कर दिया है। साउथ, नॉर्थ, ईस्ट देश में कहीं भी जबलपुर से कनेक्टिविटी नहीं है। जबलपुर से इंदौर फ्लाइट जाती थी और 1 घंटे में हम वहां पहुंच जाते थे। इस फ्लाइट को आप 25 तारीख से बंद कर रहे हैं। स्थिति यह हो गई है कि जबलपुर से सड़क मार्ग की बात की जाए तो यहां शहपुरा में ओवर ब्रिज ढहने से रास्ता बंद है और गांवों से घेरकर जाना पड़ता है।5 घंटे भोपाल के लगते हैं और वहां से 3 घंटे इंदौर के लगते हैं। इस तरह 8 घंटे में इंदौर जाना और इतने में ही आना होता है। इस बारे में केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी मैंने पत्राचार किया उन्होंने आश्वस्त किया है कि जल्द ही वे ब्रिज का काम करवाएंगे। श्री तन्खा ने बताया कि उन्होंने इंडिगो प्रबंधन से आग्रह किया है कि जबलपुर-इंदौर फ्लाइट को बंद न किया जाए।
ये भी पढ़ें: PU Special : Clean Crew Jabalpur-हर रविवार सुबह सात बजे से शहर की सफाई करने निकल पड़ते हैं युवा




















