Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अहमदाबाद में 8वीं के स्टूडेंट ने की 10वीं के छात्र की हत्या, गुस्साई भीड़ ने स्कूल में की तोड़फोड़ और स्टाफ को पीटा

अहमदाबाद में 8वीं के स्टूडेंट ने की 10वीं के छात्र की हत्या, गुस्साई भीड़ ने स्कूल में की तोड़फोड़ और स्टाफ को पीटा
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना के बाद हालात बेकाबू हो गए। सेवेंथ डे एडवांटीज चर्च स्कूल में 8वीं कक्षा के छात्र ने बहस के दौरान 10वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। घायल छात्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद बुधवार सुबह गुस्साई भीड़ ने स्कूल पर धावा बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ की। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

    छात्र की मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने किया हमला

    मंगलवार को मणिनगर पूर्व स्थित सेवेंथ डे एडवांटीज चर्च स्कूल में झगड़े के दौरान 8वीं कक्षा के छात्र ने 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल छात्र ने देर शाम अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतक छात्र के परिजनों, सिंधी समाज के लोगों और संगठनों में गुस्सा भड़क उठा। बुधवार सुबह करीब 2 हजार से अधिक लोग स्कूल पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

    Twitter Post

    प्रिंसिपल और स्टाफ पर भी हमला

    गुस्साई भीड़ ने स्कूल के बाहर खड़ी गाड़ियों को तोड़ दिया और रेलिंग कूदकर अंदर दाखिल हो गई।

    • बस ड्राइवर और गार्ड्स को पीटा गया।
    • पार्किंग में खड़ी बसों, कारों और दोपहिया वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
    • प्रिंसिपल और अन्य कर्मचारियों को भी भीड़ ने पीटा।

    स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि पुलिसकर्मियों के सामने ही भीड़ स्कूल स्टाफ की पिटाई करती रही।

    पुलिस की मौजूदगी में भी हंगामा

    लोगों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि जब पुलिसकर्मी कर्मचारियों को बचाने की कोशिश कर रहे थे, तब भी भीड़ उन्हें पीटती रही। इस दौरान एक पुलिस वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। बाद में भीड़ ने स्कूल के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया और नारेबाजी करने लगी। हंगामे के दौरान बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंचे। भगवा गमछा बांधे कार्यकर्ता स्कूल परिसर में 'जय श्रीराम' के नारे लगाने लगे।

    Uploaded media

    स्थिति को संभालने पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

    घटना की सूचना मिलते ही मणिनगर विधायक, डीसीपी बलदेव देसाई और एसीपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात काबू में करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ बेकाबू होती गई। अंततः पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।

    घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृत छात्र के परिजनों और समाज के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है कि स्कूल में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई और चाकू छात्र के पास कैसे पहुंचा।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts