Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Unnao Bus Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस, दर्दनाक हादसे में कई यात्रियों की मौत

उन्नाव में मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया, दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर एसी बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कई यात्रियों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ड्राइवर को झपकी आने की बात सामने आई है, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस, दर्दनाक हादसे में कई यात्रियों की मौत
फाइल फोटो

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर एसी बस आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अचानक पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस, यूपीडा और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

तेज रफ्तार और झपकी बनी हादसे की वजह

हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। बस दिल्ली से बिहार की तरफ जा रही थी और उसमें करीब 30 यात्री सवार थे। जैसे ही बस उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 के पास पहुंची, अचानक ड्राइवर का नियंत्रण बस पर से हट गया। बस काफी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान ड्राइवर को झपकी आ गई, जिसके बाद बस डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के बाद बस सड़क किनारे रेलिंग पर लटक गई। कई यात्री बस की खिड़कियों से बाहर गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

ये भी पढ़ें: 'फील्ड पर उतरकर व्यापारियों से संवाद करें अधिकारी': सीएम योगी ने की राज्य कर विभाग की समीक्षा, जीएसटी संग्रह में उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर

हादसे के बाद मची अफरा तफरी

कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे जबकि कुछ लोग सड़क के नीचे जा गिरे। लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस, यूपीडा की टीम और राहतकर्मी मौके पर पहुंच गए। घायलों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, अन्य का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

कई परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे में कई यात्रियों की मौत हो गई है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है। हादसे में एक दारोगा और एक कैदी की भी मौत हुई है, जो दिल्ली से बिहार लौट रहे थे। प्रशासन की तरफ से अभी सभी मृतकों की सूची जारी नहीं की गई है। कई लोग अपने परिजनों की जानकारी लेने के लिए अस्पताल और पुलिस अधिकारियों से संपर्क करते नजर आए।

ये भी पढ़ें: Brajesh Pathak : डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के चार्टर्ड प्लेन में आई खराबी, टेकऑफ से पहले इंजन से निकला धुआं

प्रशासन ने शुरू की जांच

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बस की स्पीड, ड्राइवर की स्थिति और तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय बस में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts