भोपाल:आचार्य समय सागर महाराज होंगे MP के राजकीय अतिथि, CM मोहन यादव ने किया ऐलान

मध्य प्रदेश सरकार ने प्रसिद्ध जैन संत आचार्य समय सागर महाराज को राज्य का राजकीय अतिथि घोषित करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल में आयोजित चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव के दौरान यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आचार्य समय सागर महाराज के भोपाल आगमन पर राज्य सरकार उनकी आध्यात्मिक परंपरा और भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें राजकीय अतिथि के रूप में स्वीकार करती है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ इसका स्वागत किया।
CM मोहन यादव ने आचार्य श्री से लिया आशीर्वाद
चातुर्मास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आचार्य समय सागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आचार्य श्री ने मुख्यमंत्री को शास्त्र भेंट किए। कार्यक्रम में देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष पंकज सुपारी, पूर्व अध्यक्ष मनोज बांगा, प्रमोद जैन और हिमांशु जैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा मंत्री विश्वास सारंग, विधायक आलोक शर्मा, राहुल कोठारी, रविंद्र यति और राजकुमार पटेल समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
संतों का सान्निध्य जीवन को सही दिशा देता है
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मानव जीवन 84 लाख योनियों के बाद प्राप्त होता है और इस जीवन में व्यक्ति के सामने दो रास्ते होते हैं- एक देवत्व की ओर जाने वाला और दूसरा कष्टों की ओर ले जाने वाला। उन्होंने कहा कि संतों का मार्गदर्शन और सान्निध्य मिलने से व्यक्ति सही दिशा में आगे बढ़ता है और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। मुख्यमंत्री ने आचार्य विद्यासागर महाराज के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि उन्हें कई बार उनके दर्शन और मार्गदर्शन का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अब आचार्य समय सागर महाराज उसी आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
आध्यात्मिक विरासत से भारत की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की पहचान केवल उसकी आर्थिक और भौतिक प्रगति से नहीं बल्कि उसकी संत परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और सेवा भावना से भी है। उन्होंने कहा कि दुनिया में जहां कई जगह संघर्ष और तनाव बढ़ रहा है, वहीं भारत ने हमेशा अहिंसा, आत्मसंयम और करुणा का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को जनता का सेवक बताते हुए कहा कि सरकार का हर निर्णय समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण को ध्यान में रखकर होना चाहिए।
ये भी पढ़ें: भोपाल में BMC बड़ा एक्शन! अरेरा कॉलोनी में कैफे-रेस्टोरेंट समेत कई दुकानें बंद, सुप्रीम कोर्ट की सख्ती का असर
आचार्य समय सागर महाराज ने दिया अहिंसा और सेवा का संदेश
आचार्य समय सागर महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि अहिंसा केवल जैन धर्म का सिद्धांत नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए एक मार्गदर्शक विचार है। उन्होंने कहा कि धर्म केवल पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना भी धर्म का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आचार्य श्री ने समाज से आह्वान किया कि आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रेरणा के अनुसार अहिंसा, जीव दया, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।
विधानसभा आने का CM ने दिया निमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आचार्य समय सागर महाराज को मध्य प्रदेश विधानसभा आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विधायक आचार्य श्री का मार्गदर्शन प्राप्त करें, जिससे जनप्रतिनिधियों को सेवा, संयम और लोककल्याण के मूल्यों को समझने की प्रेरणा मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए भी काम कर रही है।
ये भी पढ़ें: गुना में किसान ने किया सुसाइड: जहर खाकर दी जान, वीडियो बनाकर डॉक्टर पर लगाए गंभीर आरोप
देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु
चातुर्मास कलश स्थापना समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोपाल पहुंचे। कार्यक्रम में कई त्यागी-व्रतियों का सम्मान भी किया गया। जैन समाज ने मुख्यमंत्री की ओर से आचार्य समय सागर महाराज को राजकीय अतिथि घोषित किए जाने के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए स्वागत किया।












