Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना में NH-46 पर प्रोपेन गैस से भरा टैंकर पलटा, कई घंटे जाम में फंसे वाहन, टैंकर को रात भर किया खाली

- गैस रिसाव के चलते नेशनल हाईवे बंद, एनएफएल-गैल की टीम ने संभाला मोर्चा
गुना में NH-46 पर प्रोपेन गैस से भरा टैंकर पलटा, कई घंटे जाम में फंसे वाहन, टैंकर को रात भर किया खाली
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    गुना। नेशनल हाईवे-46 पर मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात एक बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान यहां प्रोपेन गैस से भरा टैंकर धरनावदा थाना क्षेत्र में पलट गया। हादसे के तुरंत बाद टैंकर से गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। दुर्घटना में टैंकर का चालक नीचे दब गया जिसे मशक्कत कर बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया। 

    जानकारी के मुताबिक, टैंकर गुना से ग्वालियर की ओर जा रहा था। ग्रीन माउंटेन रिसॉर्ट के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर फोरलेन सड़क के बीचोंबीच पलट गया। टैंकर सड़क के बीच गिरने से दोनों तरफ का ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। गैस रिसाव के चलते प्रशासन ने तुरंत एहतियातन यातायात रोक दिया।

    Twitter Post

    प्रशासन और पुलिस का बड़ा अमला मौके पर

    हादसे की सूचना मिलते ही एसपी अंकित सोनी, एसडीएम शिवानी पांडे, एसडीओपी दीपा डोडवे और तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा सहित कई थानों का पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। सबसे पहले ड्राइवर को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। इसके बाद टैंकर से रिसाव रोकने की कवायद शुरू हुई।

    गैल और एनएफएल की टीम बुलाई गई

    गैस के लगातार रिसाव को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत गैल और एनएफएल की विशेष फायर ब्रिगेड टीम को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा करने का काम देर रात से शुरू हुआ। सुरक्षा कारणों से गैस को खुले में छोड़ा गया और आसपास का इलाका खाली कराया गया।

    बुधवार सुबह टैंकर हटाने के बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया।

    बुधवार सुबह टैंकर हटाने के बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया।

    हाईवे पर 30 किलोमीटर लंबा जाम

    टैंकर पलटने और यातायात बंद होने से नेशनल हाईवे पर करीब 30 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हजारों यात्री और वाहन चालक कई घंटों तक सड़क पर ही फंसे रहे। बुधवार सुबह तक स्थिति सामान्य हो सकी। कई घंटे की मशक्कत और गैस रिसाव पर काबू पाने के बाद बुधवार सुबह क्रेन की मदद से टैंकर को सड़क से हटाया गया। उसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया। इस बीच यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और लोग पूरी रात जाम में फंसे रहे।

    टैंकर में था ज्वलनशील पदार्थ : कलेक्टर

    वहीं इस बारे में कलेक्टर किशोर कन्याल ने बताया कि गुना की गादेर घाटी पर गैस के टैंकर पलटने की सूचना पर तत्काल ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। टैंकर के पलटने की सूचना पर तत्काल रोड को कई किलोमीटर तक ब्रेक कर दिया जाकर वाहनों को डाइवर्ट किया गया था। टैंकर में ज्वलनशील पदार्थ था इस कारण पूरे वाहनों को एहतियात के लिए रोक कर टैंकर में भरी गैस को खाली कराया गया। लोग परेशान न हो, इससे आंखों में जलन आदि हो सकती हैं। कलेक्टर कन्याल ने कहा कि टैंकर के ड्राइवर को सुरक्षित बचा लिया गया हैं। हमारी प्रशासन के अधिकारी और पुलिस फोर्स मुस्तैद है।

    (रिपोर्ट- राजकुमार रजक)

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts