Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप, 100 मीटर तक दहशत,सिलेंडर काटते ही फैली गैस,

आंखों में जलन-सांस लेने में तकलीफ से लोग घरों से भागे,
अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप, 100 मीटर तक दहशत,सिलेंडर काटते ही फैली गैस,
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर — रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक कबाड़ी की लापरवाही ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। कबाड़ की दुकान पर रखे अमोनिया गैस सिलेंडर को काटने के दौरान अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गैस फैलते ही करीब 100 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को आंखों में तेज जलन, घुटन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। हालात बिगड़ते देख रहवासियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए, कई परिवार बच्चों को लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए। कुछ लोगों को जी मचलाने और उल्टी जैसी शिकायत भी हुई। सूचना सोशल मीडिया पर फैलते ही पूरे क्षेत्र में किसी बड़े हादसे की आशंका से दहशत फैल गई।

    अमोनिया गैस सिलेंडर काटते समय हुआ रिसाव

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कबाड़ दुकान संचालक शहजाद उर्फ शहजाद चाचा किसी फैक्ट्री से खरीदा गया गैस सिलेंडर दुकान पर लेकर आया था। बताया जा रहा है कि सिलेंडर के भीतर अमोनिया गैस भरी हुई थी। इसके बावजूद उसने आरा मशीन से सिलेंडर काटना शुरू कर दिया। जैसे ही टंकी पर कट लगाया गया, अंदर भरी गैस तेज दबाव के साथ बाहर निकलने लगी और देखते ही देखते हवा में फैल गई।

    पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और भीड़ के रूप में जमा लोगों को तुरंत वहां से हटने की अपील की। प्रशासन ने लोगों को घबराने से बचने और दूरी बनाए रखने की सलाह दी।

    दमकल ने पानी की बौछार कर संभाली स्थिति

    घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने दमकल विभाग को बुलाया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सिलेंडर पर लगातार पानी की बौछार की, ताकि गैस के प्रभाव को कम किया जा सके। साथ ही सिलेंडर के नॉब को टाइट कर रिसाव रोकने की कोशिश की गई। काफी मशक्कत के बाद गैस के असर को नियंत्रित किया जा सका। अधिकारियों के अनुसार गैस जहरीली नहीं थी, लेकिन इसके संपर्क में आने से आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होना स्वाभाविक है।

    एडिशनल डीसीपी ने दी जानकारी

    एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि एक कबाड़ी सिलेंडर खरीदकर लाया था और उसे काटते समय गैस रिसाव शुरू हो गया। धीरे-धीरे गैस पूरे इलाके में फैल गई, जिससे लोगों को परेशानी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर हालात पर नियंत्रण पाया।

    कबाड़ी हिरासत में, वैधानिक कार्रवाई शुरू

    पुलिस ने बताया कि घटना के लिए जिम्मेदार कबाड़ी शहजाद को अभिरक्षा में ले लिया गया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि सिलेंडर मछली बाजार क्षेत्र के राजा चोपड़ा से खरीदा गया था। पुलिस अब सिलेंडर की खरीद-फरोख्त और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जांच कर रही है।

    स्थानीय लोगों के अनुसार गैस रिसाव के कारण दो से तीन बच्चों को उल्टी और घुटन की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया। हालांकि प्रशासन ने प्रभावित लोगों की आधिकारिक संख्या स्पष्ट नहीं की है।

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

    Latest Posts