Shivani Gupta
29 Dec 2025
Aakash Waghmare
29 Dec 2025
Shivani Gupta
29 Dec 2025
Aakash Waghmare
29 Dec 2025
नई दिल्ली। 71वीं नेशनल फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी का भव्य आयोजन मंगलवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में हुआ। इस मौके पर भारतीय सिनेमा की कई बड़ी हस्तियों को उनके शानदार योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जहां शाहरुख खान और विक्रांत मैसी को संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिला, वहीं रानी मुखर्जी को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड दिया गया।
मलयाली सुपरस्टार मोहनलाल को भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी विजेताओं को गोल्डन और सिल्वर लोटस ट्रॉफी और शॉल भेंट की।
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल को हिंदी सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें शॉल पहनाकर गोल्डन लोटस ट्रॉफी दी। मोहनलाल की जीवन यात्रा पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म दिखाए जाने के बाद पूरे हॉल में स्टैंडिंग ओवेशन गूंज उठा।
सम्मान ग्रहण करते हुए मोहनलाल ने कहा, यह मेरे लिए गहन गौरव और कृतज्ञता का क्षण है। मैंने कभी इस पल का सपना देखने की हिम्मत नहीं की थी। यह केवल मेरा नहीं बल्कि पूरे मलयालम सिनेमा का सम्मान है। सिनेमा मेरी आत्मा की धड़कन है।
इस साल का सबसे बड़ा आकर्षण रहा शाहरुख खान का पहला नेशनल अवॉर्ड। उन्हें अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला। मंच पर पहुंचते समय शाहरुख हाथ जोड़कर राष्ट्रपति को नमन करते दिखे और भावुक हो उठे।
उनके साथ ही फिल्म ‘12th फेल’ के लिए विक्रांत मैसी को भी बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला। यह भी उनके करियर का पहला राष्ट्रीय पुरस्कार है।
फिल्म ‘मिसेस चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ में दमदार अभिनय के लिए रानी मुखर्जी को बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड मिला। पारंपरिक साड़ी में रानी मंच पर पहुंचीं और राष्ट्रपति से सम्मान पाकर भावुक नजर आईं।
एकता कपूर के प्रोडक्शन में बनी और सान्या मल्होत्रा स्टारर फिल्म ‘कटहल’ को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। इस फिल्म के निर्देशक यशोवर्धन मिश्रा ने मंच पर अवॉर्ड ग्रहण किया।