आज फिर मौसम का पलटवार, 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट; 85 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई से पहले बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज यानी 25 सितंबर को देश के 15 राज्यों में हल्की से लेकर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ आंधी चलने और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ की चेतावनी भी जारी की गई है।
बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन का असर
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन पश्चिम-मध्य और उससे सटी उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते समुद्र के आसपास तेज हवाएं चल रही हैं। दक्षिण ओडिशा, उत्तर आंध्र प्रदेश और यनम के तटों के पास हवा की गति 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है। झोंकों के साथ इसकी रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। इसी बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी भी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर और नलिया से होकर गुजर रही है।
दिल्ली में आज हल्की बारिश की संभावना
राजधानी दिल्ली में 25 सितंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 26 सितंबर को दिल्ली-NCR में कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी और बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 27 सितंबर को भी दिल्ली में सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में मूसलाधार बारिश
उत्तर प्रदेश में 25 सितंबर को कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, चंदौली और मिर्जापुर समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बारिश का ज्यादा असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में रहने की संभावना जताई गई है। यहां कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। IMD के अनुसार प्रदेश में बारिश का यह दौर 27 सितंबर तक जारी रह सकता है।
बिहार में बारिश के साथ तेज हवाओं का अनुमान
बिहार के कई हिस्सों में 25 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य में बारिश का दौर 26 सितंबर को भी जारी रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में 28 सितंबर तक बारिश
उत्तराखंड में 25 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 26 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक गरज-चमक के साथ राज्य के अधिकतर जिलों में भारी बारिश की संभावना 28 सितंबर तक बनी रह सकती है।
हिमाचल में आज अलर्ट नहीं, आगे बारिश बढ़ेगी
हिमाचल प्रदेश में 25 सितंबर को मौसम विभाग ने बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि 26 सितंबर को कांगड़ा, मंडी और शिमला समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 27 और 28 सितंबर को भी राज्य में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। 28 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
ओडिशा में भारी बारिश, बाढ़ जैसे हालात
ओडिशा में पिछले 24 घंटों के दौरान कई दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में 100 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। गहरे दबाव के असर से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हैं। मुख्य नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ कुछ इलाकों में भूस्खलन की स्थिति भी बनी, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान ओडिशा के कई दक्षिणी जिलों में भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। हालांकि 26 सितंबर तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है।
सिक्किम में लैंडस्लाइड का खौफनाक मंजर, पहाड़ी से गांव की तरफ बहता दिखा मलबा..!
इन शहरों में कितना तापमान
25 सितंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मुंबई में 32 और 28 डिग्री, चेन्नई में 34 और 28 डिग्री, कोलकाता में 29 और 26 डिग्री, लखनऊ में 23 और 22 डिग्री, पटना में 26 और 24 डिग्री तथा रांची में 24 और 22 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है। भोपाल में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 22 डिग्री, जयपुर में 33 और 22 डिग्री, शिमला में 23 और 14 डिग्री तथा नैनीताल में 21 और 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



















