Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मिलावटी मिठाई, अवैध पटाखे और कार्बाइड गन…CM मोहन यादव का निर्देश, दिवाली पर हादसा हुआ तो कलेक्टर-SP होंगे जिम्मेदार!

मध्य प्रदेश में दिवाली और आने वाले त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्बाइड गन और लैंप के इस्तेमाल पर रोक लगाने, पटाखों की अवैध बिक्री रोकने और मिलावटी मिठाइयों पर कार्रवाई करने को कहा है। सीएम ने साफ किया कि किसी भी जिले में लापरवाही मिलने पर कलेक्टर और SP जिम्मेदार होंगे।
मिलावटी मिठाई, अवैध पटाखे और कार्बाइड गन…CM मोहन यादव का निर्देश, दिवाली पर हादसा हुआ तो कलेक्टर-SP होंगे जिम्मेदार!
दिवाली से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव के अधिकारियों को सख्त निर्देश

भोपाल। मध्य प्रदेश में दिवाली के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को मंत्रालय में कलेक्टरों, कमिश्नरों और पुलिस अधिकारियों के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने खास तौर पर कार्बाइड गन, कार्बाइड लैंप, अवैध पटाखों और मिलावटी खाद्य पदार्थों पर सख्ती बरतने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को तैयारियां समय रहते पूरी करने और सुरक्षा व्यवस्था की खुद निगरानी करने के निर्देश दिए।

हादसा हुआ तो अधिकारी जवाबदेह

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि स्थानीय स्तर पर बनाई जाने वाली कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। इनके इस्तेमाल से गंभीर चोट लगने और जान जाने का खतरा रहता है। इसलिए त्योहारों और मेलों में इनके उपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जाए। उन्होंने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को चेतावनी दी कि यदि किसी जिले में लापरवाही के कारण गंभीर स्थिति बनती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

भोपाल नगर निगम में प्रशासनिक फेरबदल, अपर आयुक्त अक्षय तेम्रवाल का तबादला

दिवाली पर पटाखों की दुकानों की होगी जांच

सीएम ने पटाखों की दुकानों के लाइसेंस और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा। अधिकारियों को दुकानों का निरीक्षण करने और विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिबंधित पटाखों की खरीद-बिक्री और इस्तेमाल रोकने के लिए भी कार्रवाई की जाएगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

अस्पताल, एंबुलेंस और दमकल की व्यवस्था रहे तैयार

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थानों पर दमकल वाहन, आग बुझाने के उपकरण और प्रशिक्षित कर्मचारी उपलब्ध रहें। प्रमुख जगहों पर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए और आसपास के अस्पतालों को पहले से सतर्क रखा जाए। जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज मिल सके, इसके लिए डॉक्टरों की ड्यूटी भी तय करने को कहा गया है। शहरों और कस्बों के प्रमुख रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मिलावटी मिठाइयों पर भी सरकार का शिकंजा

त्योहारों में मिठाइयों और दूसरी खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी रहती है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने मावा, घी, पनीर और मिठाइयों की जांच तेज करने को कहा है। अधिकारियों के मुताबिक, मिलावट के मामलों में अब तक 17 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और 42 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। खाद्य विभाग को नियमित निरीक्षण करने और मिलावट मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जांच के नाम पर व्यापारियों को बेवजह परेशान नहीं करने को भी कहा गया है।

शहडोल में दुर्गा विसर्जन में जा रहा DJ लोड पिकअप पलटा, एक की मौत; 9 घायल

बिना सूचना जिलों में पहुंच सकते हैं मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए मैदान में सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने संकेत दिया कि वह बिना पूर्व सूचना के किसी भी जिले में पहुंचकर जन विश्वास अभियान की समीक्षा कर सकते हैं। ऐसे में अधिकारियों को लोगों की शिकायतों का मौके पर समाधान करने और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का जोर है कि दिवाली समेत सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों और लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता न किया जाए।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts