iphone के लिए सुसाइड मामले में खुलासा, 2025 में भी उसी पहाड़ी से कूदने पहुंचा था कुणाल

घटना शुक्रवार सुबह छत्रपति संभाजीनगर जिले की खावड़ा पहाड़ी पर हुई। पुलिस के मुताबिक, युवक का पिता से iPhone की EMI को लेकर विवाद हुआ था। जांच में सामने आया है कि युवक ने 2025 में भी इसी जगह पर आत्महत्या की कोशिश की थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद ही इस कदम की वजह था या इसके पीछे कोई और कारण भी था।
करीब तीन घंटे तक पहाड़ी के किनारे बैठा रहा युवक
पुलिस के मुताबिक, 18 वर्षीय कुनाल चांदवड़े शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खवड़ा पहाड़ी पर पहुंच गया था। यहां पहुंचने के बाद वह 400 से 500 फीट ऊंची पहाड़ी के किनारे जाकर बैठ गया। बताया जा रहा है कि वह करीब तीन घंटे तक इसी जगह पर रहा। इस दौरान उसके माता-पिता ने उसे लगातार समझाने की कोशिश की और सुरक्षित जगह पर आने के लिए कहा। ग्रामीणों के साथ पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सभी ने युवक को समझाने और उसे सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार अपनी जगह बदलता रहा।
ये भी पढ़ें: जयपुर में चलती लो-फ्लोर बस में धुआं और फिर उठने लगीं लपटें, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
बेटे को मनाने पिता के साथ मां संगीता भी पहुंचीं
रेस्क्यू टीम ने युवक को सुरक्षित बचाने के लिए खाई के नीचे सुरक्षा जाल भी लगाया था। वहीं उसकी मां संगीता लगातार उससे बात करती रही और उसे पीछे हटने के लिए समझाती रही। परिवार के लोग और मौके पर मौजूद अन्य लोग भी उसे शांत करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन युवक किसी की बात मानने के लिए तैयार नहीं हुआ। वह बार-बार खाई के किनारे अपनी स्थिति बदल रहा था, जिससे बचाव अभियान और मुश्किल हो गया। काफी देर तक समझाने के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हो सकी और आखिरकार युवक ने खाई में छलांग लगा दी।
बेटे को बचाने की कोशिश में माता-पिता भी नीचे गिरे
घटना के दौरान युवक के पिता मुरलीधर और मां संगीता भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, बेटे को बचाने की कोशिश के बीच दोनों खाई में गिर गए। कुछ ही समय के अंतराल में कुनाल, उसके पिता और मां की मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: मां से बहस के बाद घर से निकली… NCP विधायक रोहित पवार के PA की 12 साल की बेटी, नाले में मिला शव, उठे कई सवाल
2025 में भी इसी जगह सुसाइड की कोशिश की थी
जांच के दौरान पुलिस को इस मामले में एक अहम जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, कुनाल ने 2025 में भी इसी जगह से आत्महत्या करने की कोशिश की थी। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस बार उसके इस कदम के पीछे सिर्फ पिता से हुआ विवाद था या इसके अलावा भी कोई दूसरी वजह थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पिता और बेटे के बीच iPhone की EMI को लेकर विवाद हुआ था।





















