Zomato : Pure Veg Fleet ड्रेस कोड शुरू होते ही हुआ खत्म, वेज और नॉनवेज डिलीवरी बॉय के लिए नहीं होगी अलग ड्रेस; जोमैटो के CEO बोले- इससे भेदभाव होगा

नई दिल्ली। ऑनलाइन खाने-पीने का सामान डिलीवर करने वाली कंपनी जोमैटो ने हाल ही में वेजीटेरियन खाने की डिलीवरी के लिए एक Pure Veg Fleet सर्विस शुरू की थी। इसके लिए कंपनी की तरफ से वेजिटेरियन फूड डिलीवरी करने वाले लोगों के लिए अलग ड्रेस कोड रखा गया था। लेकिन ड्रेस कोड चेंज करने के बाद कंपनी को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। जिसके बाद कंपनी ने इस फैसले को 24 घंटे बाद ही बदल दिया। आइए जानते हैं इसके पीछे का कारण।
24 घंटे के अंदर वापस लिया फैसला
जोमैटो ने 24 घंटे से भी कम समय में अपने वेज डिलीवरी बॉयज के हरे रंग की ड्रेस पहनने के फैसले को वापस ले लिया। अब सभी डिलीवरी बॉय चाहे वह वेज फूड डिलीवरी करे या नॉन वेज सभी पहले की ही तरह लाल रंग की टी-शर्ट ही पहनेंगे। जोमैटो के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) दीपिंदर गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी है।
कंपनी ने अपने ही फैसले को बताया भेदभाव वाला
जोमैटो के फाउंडर और सीईओ दीपिंदर गोयल के अनुसार कंपनी वेजिटेरियन्स के लिए एक अलग फ्लीट जारी रखेगी। मगर इस फ्लीट में हरे रंग का उपयोग नहीं किया जाएगा। कंपनी ने अपने ही फैसले को जमीनी अलगाव (भेदभाव) बताया है। गोयल ने नई पोस्ट में कहा है कि, हमें एहसास हुआ है कि इस फैसले से हमारे कुछ ग्राहकों को अपने मकान मालिकों से दिक्कत हो सकती है। अगर हमारी वजह से ऐसा हुआ तो यह अच्छा नहीं होगा।












