जमीन विवाद में बाणगंगा में हैवानियत! युवक को अगवा कर पीटा, गर्म सरिए से दागा… फिर झूठे केस में फंसाने की कोशिश

जमीन विवाद में बाणगंगा में हैवानियत! युवक को अगवा कर पीटा, गर्म सरिए से दागा… फिर झूठे केस में फंसाने की कोशिश
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ऋषिनगर कॉलोनी निवासी एक 28 वर्षीय युवक ने आरोप लगाया है कि उसके चाचा-चाची ने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ मिलकर उसे अगवा किया, बेरहमी से पीटा और गर्म सरिए से दागकर यातनाएं दीं। पीड़ित के अनुसार उसके नाजुक अंगों को भी गर्म सरिए से जलाया गया। इतना ही नहीं, बाद में उसे बदनाम कर फंसाने के लिए उसके खिलाफ नाबालिग बेटी से दुष्कर्म की रिपोर्ट तक लिखवा दी गई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि यह पूरा घटनाक्रम जमीन विवाद के कारण हुआ। मामले की शिकायत पर पुलिस ने चाचा-चाची सहित पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

    एमआर-10 ब्रिज के नीचे से अगवा, शाजापुर ले जाकर बांधा

    टीआई सियाराम सिंह गुर्जर के अनुसार पीड़ित युवक की शिकायत पर उसके चाचा-चाची और उनके रिश्तेदार/दोस्त  के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। युवक ने पुलिस को बताया कि 17 जनवरी को आरोपियों  ने उसे एमआर-10 स्थित ब्रिज के नीचे से अगवा कर लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की गई और फिर उसे शाजापुर में चाचा के दोस्त के खेत पर ले जाकर एक पेड़ से बांध दिया गया।

    रातभर बंधक बनाकर डंडे-बेल्ट से पीटा, गर्म सरिए से दागा

    पीड़ित के मुताबिक आरोपियों  ने उसे पूरी रात बंधक बनाकर रखा, डंडे और बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद लोहे का सरिया गर्म कर उसके शरीर पर दागे गए, हाथ-पैर, जांघ और नाजुक अंगों पर जलाने के निशान बनाए गए। पीड़ित की हालत बिगड़ने लगी तो आरोपित उसे इंदौर ले आए।

    उल्टा पीड़ित को ही बनाया आरोपी, थाने लाकर झूठे केस में फंसाया

    टीआई के अनुसार हैरानी की बात यह रही कि आरोपी  खुद ही युवक को थाने लेकर पहुंचे और उसे अपराधी बताकर पुलिस के सामने पेश किया। शुरुआती तौर पर पुलिस ने उसे मुलजिम मानकर हिरासत में ले लिया। हालांकि मेडिकल परीक्षण के दौरान युवक के शरीर पर गंभीर जख्म सामने आए। इसके बाद पूछताछ में पीड़ित ने पूरी घटना का खुलासा किया। बुधवार को पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, बंधक बनाने और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

    बिहार की पैतृक जमीन का विवाद, नाम करवाने का दबाव

    पुलिस के मुताबिक पीड़ित और आरोपी मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और उनके बीच बिहार स्थित पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि जमीन अपने नाम करवाने के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से युवक का अपहरण कर उसे प्रताड़ित किया गया। फिलहाल युवक का उपचार जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

     

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts