Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'मां के समान कोई छाया नहीं, कोई सहारा...' CM योगी की बातों पर विधानसभा में बजी थीं तालियां, मां के निधन के बाद फिर वायरल हुआ पुराना VIDEO

सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन के बाद विधानसभा में दिए गए उनके पुराने भाषण का वीडियो फिर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में योगी ने संस्कृत का श्लोक सुनाकर मां की अहमियत बताई थी। उन्होंने मां को सबसे बड़ा सहारा और रक्षक बताया था। उनकी बातें सुनकर सदन में मौजूद विधायकों ने तालियां बजाई थीं।
'मां के समान कोई छाया नहीं, कोई सहारा...' CM योगी की बातों पर विधानसभा में बजी थीं तालियां, मां के निधन के बाद फिर वायरल हुआ पुराना VIDEO
योगी ने बताई मां की महिमा

लखनऊ। मां और बेटे का रिश्ता कितना खास होता है, इसे बताने वाला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक पुराना वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। यह वीडियो सितंबर 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का है। उस समय सदन में महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान योगी आदित्यनाथ ने मां की महिमा पर संस्कृत का एक श्लोक सुनाया था। उन्होंने कहा था कि मां के समान कोई छाया, सहारा और रक्षक नहीं होता। अब उनकी मां सावित्री देवी के निधन के बाद यह वीडियो फिर चर्चा में आ गया है।

X Post

मां के निधन के बाद वायरल हुआ पुराना वीडियो

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 20 नवंबर 2026 को निधन हो गया था। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में 91 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया गया कि वह लंबे समय से उम्र से जुड़ी परेशानियों से जूझ रही थीं। मां के निधन की खबर मिलने के बाद योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। उन्होंने मां के अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसी बीच विधानसभा में मां की अहमियत पर दिया गया योगी का पुराना भाषण सोशल मीडिया पर फिर से शेयर होने लगा।

मां के समान कोई….

यह वीडियो सितंबर 2022 का है। उस समय उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में महिलाओं के मुद्दों पर खास चर्चा रखी गई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारी शक्ति और मां के महत्व पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने सदन में महर्षि वेदव्यास के श्लोक का जिक्र करते हुए कहा था, "नास्ति मातृसमा छाया, नास्ति मातृसमा गतिः। नास्ति मातृसमं त्राणं, नास्ति मातृसमा प्रिया॥" इसका मतलब बताते हुए योगी ने कहा था कि मां के समान कोई छाया नहीं है, मां के समान कोई सहारा नहीं है, मां के समान कोई रक्षक नहीं है और मां के समान कोई प्रिय नहीं है। उनकी इन बातों को सुनकर विधानसभा में मौजूद सदस्यों ने जोरदार तालियां बजाई थीं।

CM योगी मां को अंतिम विदाई देते हुए हुए भावुक, छलके आंसू; चंडी घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

मातृ शक्ति के सम्मान पर भी कही थी बात

अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि अगर हर व्यक्ति के मन में मां और मातृ शक्ति के प्रति सम्मान का भाव आ जाए तो समाज में कुछ भी असंभव नहीं रहेगा। उन्होंने महिलाओं के योगदान को भी याद किया था। योगी ने देश की आजादी की लड़ाई में महिलाओं की भूमिका और संविधान में उन्हें मिले अधिकारों का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि परिवार और समाज को आगे बढ़ाने में महिलाओं का योगदान बेहद जरूरी है। उनका भाषण महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़ा था।

CM योगी की मां सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

सादगी से गांव में रहती थीं सावित्री देवी

योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी उनकी मां सावित्री देवी ने गांव में ही रहना पसंद किया था। वह उत्तराखंड के पंचूर गांव में सादगी भरा जीवन जीती थीं। बेटे के बड़े पद पर होने के बावजूद उन्होंने अपना रहन-सहन नहीं बदला। योगी आदित्यनाथ भी समय मिलने पर मां से मिलने गांव जाते थे। साल 2024 में जब उनकी मां की तबीयत खराब हुई थी, तब भी वह अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे थे।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts