स्पोर्ट्स डेस्क। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तीसरे संस्करण के फाइनल की घोषणा के साथ ही इनामी राशि में भी बढ़ोतरी की है। इस बार फाइनल मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच 11 से 15 जून तक खेला जाएगा।
विजेता को मिलेगी 30.79 करोड़ रुपए की बड़ी इनामी राशि
ICC के अनुसार, इस बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के विजेता को 30.79 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जो पिछले दो संस्करणों के मुकाबले काफी अधिक है। वहीं, फाइनल में हारने वाली टीम को 18.47 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी।
पिछली बार की तुलना में 17.96 करोड़ की बढ़ोतरी
विजेता टीम को मिलने वाली इनामी राशि में इस बार 17.96 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी की गई है। 2021 और 2023 के फाइनल में विजेता को केवल 13.68 करोड़ रुपए और उपविजेता को 6.84 करोड़ रुपए दिए गए थे। इस बार की राशि टेस्ट क्रिकेट को और अधिक रोचक बनाने के लिए बढ़ाई गई है।
सभी 9 टीमों को मिलेगा पुरस्कार
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भाग लेने वाली सभी 9 टीमों को इस बार पुरस्कार राशि दी जाएगी। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम इंडिया को 12.32 करोड़ रुपए मिलेंगे। वहीं, अंतिम स्थान यानी नौवें स्थान पर रहने के बावजूद पाकिस्तान को भी 4.10 करोड़ रुपए मिलेंगे।
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में बनाई जगह
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे चरण में साउथ अफ्रीका ने 69.44 प्रतिशत पॉइंट्स के साथ टॉप पर रहकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने 67.54 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
भारत की अंतिम दौर में हार
भारतीय टीम लंबे समय तक पॉइंट टेबल में टॉप पर बनी रही, लेकिन अंतिम दो सीरीज में हार के चलते 50.00 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रह गई। भारत को पहले घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड से और फिर ऑस्ट्रेलिया दौरे में हार का सामना करना पड़ा, जिससे फाइनल की दौड़ से बाहर हो गया।
ICC अध्यक्ष जय शाह का बयान
ICC अध्यक्ष जय शाह ने कहा, "वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का तीसरा चरण बेहद रोमांचक रहा। फाइनल में पहुंचने वाली टीमों का फैसला अंतिम क्षणों में हुआ। मुझे पूरा विश्वास है कि लॉर्ड्स में फैंस को शानदार मुकाबला देखने को मिलेगा।"
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस बोले- ट्रॉफी डिफेंड करना गर्व की बात
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने कहा, "लॉर्ड्स में ट्रॉफी को डिफेंड करना हमारे लिए गौरव की बात है। मैं पिछले दो वर्षों में टीम का हिस्सा रहे सभी खिलाड़ियों को बधाई देता हूं। हम साउथ अफ्रीका की चुनौती का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
फाइनल में पहुंचना हमारे लिए गर्व की बात- तेम्बा बावुमा
साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने कहा, "फाइनल में पहुंचना हमारे लिए गर्व की बात है। हमारे पास ICC खिताब जीतने का एक शानदार मौका है और हम इसका पूरा लाभ उठाने की कोशिश करेंगे।"
ये भी पढ़ें- भारत ने अमेरिका को जीरो टैरिफ का दिया प्रस्ताव? ट्रंप के दावे पर विदेश मंत्री जयशंकर ने दिया जवाब, कहा- जब तक…