Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छतरपुर में दिनदहाड़े महिला और बच्चे का अपहरण, साथियों के साथ पहुंचा युवक, फायरिंग कर किया अगवा; पति की पिटाई कर अस्पताल भेजा

छतरपुर में दिनदहाड़े महिला और बच्चे का अपहरण, साथियों के साथ पहुंचा युवक, फायरिंग कर किया अगवा; पति की पिटाई कर अस्पताल भेजा

मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सुमेरी में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक महिला और उसके छोटे बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। घटना के वक्त आरोपी और उसके साथियों ने गांव में घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी और महिला को बाल पकड़कर जबरन कार में बैठा लिया। बच्चे को भी उठाकर गाड़ी में डाला गया।

पति को लाठियों से पीटा

महिला के पति हरिराम प्रजापति ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हरिराम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई है और पीड़ित परिवार ने सुरक्षा की मांग की है।

दिनदहाड़े अपहरण का वीडियो आया सामने…

घटना का वीडियो वायरल

इस सनसनीखेज वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी संजय सिंह राजपूत महिला के बाल खींचते हुए और बच्चे को जबरन गाड़ी में डालते हुए साफ दिखाई दे रहा है। इस दौरान ग्रामीणों की चीख-पुकार भी सुनाई देती है, लेकिन किसी की हिम्मत आरोपियों के सामने कुछ कहने की नहीं हुई।

SDOP का दावा- मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा

लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। आरोपी युवक और महिला के बीच पहले से संबंध थे। महिला का पति इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी वजह से आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर महिला और बच्चे को जबरन उठा लिया और कुछ दूरी पर कार छोड़कर बाइक से फरार हो गया।

महिला-बच्चे की तलाश जारी

पुलिस ने घटना की एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है। फिलहाल महिला और बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और महिला-बच्चे को सुरक्षित वापस लाया जाएगा।

ग्रामीणों में डर, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

गांव में इस घटना के बाद तनाव और डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गांव में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts