Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कान्हा से भटककर अमरवाड़ा पहुंचा जंगली हाथी, खेत में काम कर रहे मजदूर पर किया हमला! 3 टीमें कर रहीं ट्रैकिंग

कान्हा के जंगलों से भटककर छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा इलाके में पहुंचे जंगली हाथी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। चिखली चनेरी गांव के पास खेत में काम कर रहे एक मजदूर पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वन विभाग ने हाथी की तलाश के लिए तीन टीमें तैनात की हैं।
कान्हा से भटककर अमरवाड़ा पहुंचा जंगली हाथी, खेत में काम कर रहे मजदूर पर किया हमला! 3 टीमें कर रहीं ट्रैकिंग
छिंदवाड़ा हाथी हमला

छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा क्षेत्र में एक जंगली हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल है। बताया जा रहा है कि यह हाथी अपने झुंड से अलग होकर कान्हा के जंगलों से निकल आया और सिवनी व चौरई के रास्ते अमरवाड़ा तक पहुंचा है। चिखली चनेरी गांव के पास खेत में काम कर रहे सुरेश कुमरे पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को जंगल की ओर भगाया। घायल मजदूर को पहले अमरवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर छिंदवाड़ा जिला अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।

खेत में अचानक पहुंचा हाथी

चिखली चनेरी गांव के पास सुरेश कुमरे अपने खेत में रोज की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान जंगल की तरफ से आया हाथी खेत में पहुंच गया। सुरेश कुछ समझ पाते, इससे पहले हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो हाथी वहां से जंगल की ओर चला गया। घायल सुरेश को परिजन और ग्रामीण तुरंत अमरवाड़ा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें छिंदवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु CM विजय के नाम पर इंदौर में साइबर ठगी का खेल!मदद और लोन का झांसा देकर बिछाया साइबर जाल

कान्हा से अमरवाड़ा तक पहुंचा हाथी

वन विभाग के मुताबिक, हाथी के अपने झुंड से अलग होने की बात सामने आई है। पिछले कुछ दिनों में उसकी गतिविधियां चौरई के जंगलों में देखी गई थीं। इसके बाद वह अमरवाड़ा के दूरदराज के जंगलों की ओर बढ़ गया। इंसान पर हमला होने के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।

तीन टीमें हाथी की तलाश में जुटीं

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल मजदूर के परिवार से मुलाकात की और मदद का भरोसा दिया। हाथी पर नजर रखने और उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर ले जाने के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। टीमें लगातार जंगल में गश्त कर हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। हाथी की लोकेशन कुदवारी के जंगल में मिली है। छिंदी और परासिया रेंज में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विभाग की कोशिश है कि हाथी को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित जंगल की ओर भेजा जाए।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में 17 वर्षीय नाबालिग का झाड़ियों में मिला शव, परिजनों ने बॉयफ्रेंड पर लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथी के पास जाने से बचने की अपील की है। रात के समय जंगल या खेतों की तरफ अकेले जाने से बचने को कहा गया है। अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि नशे की हालत में हाथी के करीब जाना बेहद खतरनाक हो सकता है। हाथी दिखाई देने पर ग्रामीणों को तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए और अफवाहों पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

EDIT BY: ADITI RAWAT

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...Read More

Latest Posts