Weather Today :अगले कुछ घंटों में बदलेगा मौसम, 15 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, 70 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जहां पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, वहीं उत्तर भारत के कई इलाकों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार 29 जून को अगले कुछ घंटे के दौरान देश के 15 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
इन राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, केरल, तमिलनाडु और असम में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम अचानक बदल सकता है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
इन सिस्टम की वजह से बदल रहा मौसम
आईएमडी के मुताबिक उत्तर तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण अभी भी सक्रिय है और यह समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इन मौसमी सिस्टम की वजह से देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर को गर्मी से राहत मिलने के आसार
राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने 30 जून और 1 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है। विभाग का कहना है कि जुलाई के पहले सप्ताह से बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज बारिश के साथ चलेगी आंधी
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कानपुर, आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, सीतापुर, मोरादाबाद, बहराइच, गोंडा, बाराबंकी, अमेठी, बस्ती, मिर्जापुर, सुल्तानपुर, सोनभद्र, जौनपुर, चंदौली, फतेहपुर और चित्रकूट समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
वहीं बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पटना, सीतामढ़ी, गोपालगंज, सारण, सिवान, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, सहरसा, भागलपुर, अररिया, मुंगेर और बेगूसराय में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
राजस्थान और मध्य भारत में भी बढ़ेंगी बारिश की गतिविधियां
राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह राज्य में मानसून और सक्रिय होगा। जयपुर में 2 जुलाई से लगातार कई दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर में भारी बारिश का खतरा
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर 200 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है। लगातार हो रही बारिश की वजह से उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कई सड़कें बंद हो गई हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है। असम और आसपास के इलाकों में भी लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
केरल और तमिलनाडु में भी भारी बारिश की चेतावनी
केरल में 29 जून से 2 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कासरगोड, कन्नूर, वायनाड और कोझिकोड में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा। कुछ स्थानों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। तमिलनाडु के चेन्नई, नीलगिरि, थेनी, डिंडीगुल, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, वेल्लोर और आसपास के जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। कोयंबटूर के पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश का अनुमान है।
बड़े शहरों का आज का तापमान
दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मुंबई में अधिकतम 29 और न्यूनतम 27 डिग्री, चेन्नई में 36 और 28 डिग्री, कोलकाता में 35 और 28 डिग्री, लखनऊ में 38 और 30 डिग्री, पटना में 35 और 28 डिग्री, भोपाल में 34 और 26 डिग्री तथा जयपुर में अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि जिन इलाकों में बारिश होगी वहां तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
|












