ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लगातार अलग-अलग किरदारों से पहचान बना रहे अभिनेता विशाल वशिष्ठ अब जियो हॉटस्टार की एडवेंचरस सीरीज ‘अलीबाबा और 40 भूत’ में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह सीरीज देजावू आर्ट्स द्वारा प्रोड्यूस की जा रही है और इसमें रोमांच, रहस्य और ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलेगा।
सूत्रों के मुताबिक, विशाल इस प्रोजेक्ट में फीमेल लीड आशा नेगी के साथ नजर आएंगे। इससे पहले खबर आई थी कि आशा नेगी और जॉय सेनगुप्ता भी इस सीरीज का हिस्सा हैं। अब पुष्टि हुई है कि विशाल मेल लीड के तौर पर कहानी को आगे बढ़ाएंगे।
बताया जा रहा है कि सीरीज की शूटिंग वास्तविक और आकर्षक लोकेशंस पर की गई है, जिससे विजुअल अपील और रोमांच का स्तर और बढ़ेगा। हालांकि, यह भी सामने आया है कि इस सीरीज का निर्देशन विशाल फुरिया नहीं कर रहे हैं।
[instagram-post link="https://www.instagram.com/p/BKk8lflj95t/?utm_source=ig_web_copy_link"]
विशाल वशिष्ठ हाल ही में ‘हसलर्स’ में नजर आए थे। इससे पहले वे ‘क्लच’, ‘घर वापसी’ और ‘शोटाइम’ जैसी वेब सीरीज में चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं। टेलीविजन पर उन्होंने ‘एक वीर की अरदास वीरा’, ‘गंगा’, ‘जाट की जुगनी’, ‘विष’ और ‘इश्क में मरजावां 2’ जैसे शो से लोकप्रियता हासिल की। फिलहाल जियोहॉटस्टार की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन ‘अलीबाबा और 40 भूत’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ती जा रही है।