Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विजयराघवगढ़ के शारदा माता मंदिर चोरी का खुलासा, दंपति गिरफ्तार; 12 वारदातों से उठा पर्दा

कटनी के विजयराघवगढ़ स्थित शारदा माता मंदिर चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दंपति को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये का माल और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की। पूछताछ में कटनी, सतना, सिवनी और दमोह की करीब 12 मंदिर व सूने मकानों में चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
विजयराघवगढ़ के शारदा माता मंदिर चोरी का खुलासा, दंपति गिरफ्तार; 12 वारदातों से उठा पर्दा
कटनी से सतना तक मंदिर और सूने मकान निशाने पर

कटनी। विजयराघवगढ़ के प्रसिद्ध शारदा माता मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार समेत करीब 12 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कटनी के अलावा सतना, सिवनी और दमोह जिलों में मंदिरों और सूने मकानों में हुई करीब 12 चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ है।

CCTV और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई गई। 19 अगस्त की सुबह पुलिस टीम को सूचना मिली कि संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार मैहर की ओर जा रही है। इसके बाद ग्राम पड़खुरी के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया गया। कार में राजा उर्फ मोहन साहू (42) और उसकी पत्नी राजनंदनी साहू (40), दोनों निवासी प्रेमनगर, तिलक कॉलेज क्षेत्र, थाना एनकेजे, कटनी, सवार थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

चोरी का माल बेचने जा रहा था दंपति

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का माल बेचने के लिए कार से जा रहे थे। जांच में सामने आया कि यह गिरोह चार सदस्यों के साथ मिलकर वारदात करता था। इसमें गिरफ्तार दंपति के अलावा उनका नाबालिग बेटा और आदी बर्मन निवासी परसवारा शामिल था। आदी बर्मन वर्तमान में सिवनी जेल में बंद है।

Breaking News

मंदिर और सूने मकान थे निशाने पर

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार से अलग-अलग इलाकों में जाते थे। गिरोह के दो सदस्य ताला तोड़कर मंदिर या मकान के अंदर दाखिल होते थे, जबकि दो सदस्य बाहर रहकर निगरानी करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने विजयराघवगढ़ के शारदा माता मंदिर के अलावा माधवनगर, बरही, बिलहरी, सतना के उचेहरा, एनकेजे, सिवनी और दमोह के कई मंदिरों और सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया है।

12 लाख का माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है। इसमें शामिल हैं- 4 चांदी के मुकुट, 2 चांदी के छत्र, चांदी का कमरबंद, पायल, बिछिया, सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार। पुलिस के अनुसार, जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये है।

मुख्य आरोपी पर 36 मामले दर्ज

पुलिस जांच में आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। मुख्य आरोपी राजा उर्फ मोहन साहू के खिलाफ अलग-अलग थानों में 36 मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं, राजनंदनी साहू के खिलाफ 9 मामले और सिवनी जेल में बंद आदी बर्मन के खिलाफ भी 9 अपराध दर्ज हैं।

गिरफ्तार दंपति को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में शामिल नाबालिग आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं, सिवनी जेल में बंद आदी बर्मन को इस मामले में पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लाने की वैधानिक प्रक्रिया पुलिस द्वारा शुरू की जा रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts