Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विदिशा-जनविश्वास बढ़ाने मैदान में पुलिस-प्रशासन, थानों का निरीक्षण, छात्रों से संवाद और पौधरोपण किया

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विदिशा जिले में पुलिस और प्रशासन ने विभिन्न गतिविधियां आयोजित कीं। अधिकारियों ने थानों का निरीक्षण कर अभिलेख, मालखाना, सुरक्षा और साफ-सफाई की समीक्षा की। पीएम श्री स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद किया गया और अटारी खेजड़ा में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
Follow on Google News
विदिशा-जनविश्वास बढ़ाने मैदान में पुलिस-प्रशासन, थानों का निरीक्षण, छात्रों से संवाद और पौधरोपण किया
विदिशा। वृक्षारोपण करते हुए विधायक, कमिश्नर एवं उप पुलिस महानिरीक्षक।

विदिशा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को विदिशा जिले में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। अटारी खेजड़ा स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मुकेश टंडन, भोपाल आयुक्त कर्मवीर शर्मा, डीआईजी (देहात) भोपाल राजेश सिंह चंदेल, कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सामुदायिक भवन तथा आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए साफ-सफाई सहित जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सामुदायिक भवन परिसर में पौधारोपण भी किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उनके संरक्षण पर विशेष जोर दिया। अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि को जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर देखा गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

थानों में अभिलेख और मालखाने की व्यवस्थाएं परखी

/img/511/1787320668231

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत डीआईजी (देहात) रेंज भोपाल राजेश सिंह चंदेल और पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी ने थाना हैदरगढ़ और थाना ग्यारसपुर का निरीक्षण किया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने थाना गुलाबगंज का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थानों में संचालित कार्यों की समीक्षा की। मालखाने और उसके रिकॉर्ड, विभिन्न अभिलेखों के संधारण, रिकॉर्ड रूम, थाना परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई। थाना प्रभारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए।

पीएम श्री स्कूल में विद्यार्थियों से सीधा संवाद

अभियान के अंतर्गत हैदरगढ़, ग्यारसपुर और गुलाबगंज थाना क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसी क्रम में पीएम श्री स्कूल अटारी खेजड़ा में अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा कर उनकी जिज्ञासाओं को जाना। उन्हें पुलिस और प्रशासन के प्रति विश्वास रखने तथा सकारात्मक सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

जनसंवाद और निरीक्षण से मजबूत होगा विश्वास

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से पुलिस और प्रशासन की ओर से आमजन से सीधा जुड़ाव बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के तहत व्यवस्थाओं की समीक्षा, जनसंवाद, सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण, सुधार के निर्देश और पर्यावरण संरक्षण जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया। अधिकारियों के अनुसार, ऐसी गतिविधियों का उद्देश्य शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के साथ नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करना है। कार्यक्रमों के दौरान विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। 

Ram Tiwari
By Ram Tiwari

Latest Posts