Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पहले कमरे के लिए भटके, फिर अचानक हुए बेहोश! वरुण सान्याल एशियन गेम्स से डिसक्वालिफाई

एशियन गेम्स में भारत को बड़ा झटका लगा है। पुरुषों की 77 किलोग्राम MMA कैटेगरी में भारत के पदक दावेदार वरुण सान्याल प्रतियोगिता से बाहर हो गए। बताया जा रहा है कि वजन कम करने की कोशिश के दौरान सॉना लेने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए।
पहले कमरे के लिए भटके, फिर अचानक हुए बेहोश! वरुण सान्याल एशियन गेम्स से डिसक्वालिफाई
सॉना में बेहोश हुए MMA फाइटर वरुण

जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में भारत को मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में बड़ा झटका लगा है। पुरुषों की 77 किलोग्राम कैटेगरी में भारत के पदक दावेदार वरुण सान्याल प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। वजन मापने की प्रक्रिया के दौरान उन्हें चिकित्सकीय जांच में प्रतियोगिता के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया। वरुण को मुकाबले से पहले अपना वजन तय सीमा में लाने की कोशिश करनी थी। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। रविवार को वजन कम करने के लिए सॉना लेने के बाद वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर हैं।

सॉना के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, वरुण प्रतियोगिता के लिए वजन कम करने की प्रक्रिया से गुजर रहे थे। इस दौरान उन्होंने खाना और पानी दोनों कम कर दिया था। वजन घटाने के लिए सॉना सेशन लेने के करीब 30 मिनट बाद उन्हें चक्कर आने लगे। इसके बाद उनकी मांसपेशियों में तेज ऐंठन हुई और वह ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गए। उस समय एक नेपाली खिलाड़ी की नजर उन पर पड़ी। उसने वरुण को उस हालत में देखा और उन्हें जगाने की कोशिश की। स्थिति की जानकारी मिलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की।

एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला मेडल, 10 मीटर एयर राइफल महिला टीम ने जीता सिल्वर

MMA फेडरेशन ने बताई पूरी घटना

MMA Sports Federation of India के अध्यक्ष निखिल कुंडेरा ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि नेपाली एथलीट ने समय रहते वरुण को देख लिया, जिसके बाद उन्हें मदद मिल सकी। कुंडेरा के मुताबिक, वरुण ने खुद उन्हें फोन किया और इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को स्थिर बताया। इसके बाद उन्हें सुबह करीब 3 बजे क्रूज शिप पर वापस लाया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल वरुण की हालत को लेकर कोई बड़ी चिंता नहीं है और वह खतरे से बाहर हैं।

मेडिकल रिपोर्ट में डिहाइड्रेशन और मांसपेशियों में ऐंठन

मेडिकल जांच में सामने आया कि वजन कम करने के दौरान वरुण ने खाना और तरल पदार्थ कम मात्रा में लिया था। इसके कारण उन्हें हल्का डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी हुई। रिपोर्ट के अनुसार, सॉना लेने के करीब आधे घंटे बाद उन्हें चक्कर, सिर घूमने और मांसपेशियों में तेज ऐंठन की शिकायत हुई। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। डॉक्टरों की जांच में उनके इलेक्ट्रोलाइट स्तर में किसी तरह की बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली। वहीं, उनके ब्लड यूरिया नाइट्रोजन यानी BUN का स्तर सामान्य सीमा के ऊपरी हिस्से में था।

अब भारत की नजर सुचिका तरियाल पर

एशियन गेम्स में इस बार पहली बार MMA को शामिल किया गया है। ऐसे में भारत को इस खेल से पदक की उम्मीद थी। वरुण सान्याल को 77 किलोग्राम पुरुष वर्ग में भारत की मजबूत पदक उम्मीदों में माना जा रहा था। उनके मेडिकल रूप से अयोग्य घोषित होने के बाद भारत को इस वर्ग में बड़ा नुकसान हुआ है। हालांकि, भारत की दूसरी MMA खिलाड़ी सुचिका तरियाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सुचिका के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत का इस खेल में पदक पक्का हो गया है। अब भारतीय प्रशंसकों की नजर उनके अगले मुकाबले पर है।

टीम इंडिया का 2026 में ताबड़तोड़ क्रिकेट, जापान से लेकर श्रीलंका तक होंगे 28 मुकाबले

वरुण की तबीयत स्थिर, लेकिन मुकाबले से बाहर

वरुण सान्याल को अस्पताल से वापस क्रूज शिप पर लाया जा चुका है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। हालांकि, मेडिकल जांच के बाद उन्हें प्रतियोगिता के लिए फिट नहीं माना गया। इसके चलते वह अपने तय मुकाबले में हिस्सा नहीं ले सके। एशियन गेम्स में MMA की शुरुआत भारत के लिए उम्मीदों के साथ हुई थी, लेकिन वरुण की तबीयत बिगड़ने और प्रतियोगिता से बाहर होने की घटना ने टीम की तैयारियों को झटका दिया है। अब भारत की उम्मीदें मुख्य रूप से सुचिका तरियाल से जुड़ी हैं, जिन्होंने सेमीफाइनल में पहुंचकर देश के लिए पदक सुनिश्चित कर दिया है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts