शेमारू एंटरटेनमेंट इस वैलेंटाइन सीज़न दर्शकों के लिए कुछ अलग और बोल्ड लेकर आ रहा है। प्लेटफॉर्म शेमारूमी पर 12 फरवरी, 2026 से इसकी नई ओरिजिनल वेब सीरीज़ ‘दिल धोखा और डिज़ायर’ स्ट्रीम होने जा रही है। रोमांस, पॉवर प्ले और नैतिक दुविधाओं के ताने-बाने में बुनी यह सीरीज़ प्यार के उस चेहरे को दिखाती है, जहां चाहत सीमाएं लांघती है, वफादारी डगमगाती है और रिश्ते सबसे खतरनाक खेल बन जाते हैं।
‘दिल धोखा और डिज़ायर’ पारंपरिक लव स्टोरी से अलग है। यह सीरीज़ प्यार के उस रूप को सामने लाती है, जो अधूरा है, खतरनाक है और कई बार बेरहम भी। कहानी मालिनी, शौर्य और प्रताप की आपस में जुड़ी ज़िंदगियों के इर्द-गिर्द घूमती है। जब तीनों के रास्ते टकराते हैं, तो यह रिश्ता आकर्षण, कंट्रोल, धोखे और गलत फैसलों के एक अस्थिर ट्राएंगल में बदल जाता है, जहां हर भावना की कीमत चुकानी पड़ती है।
इस वेब सीरीज़ में आकांक्षा चमोला, कुंवर अमर और अली हसन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। आकांक्षा चमोला का किरदार मालिनी बाहर से मजबूत दिखता है, लेकिन भीतर अकेलेपन और दर्द से जूझता रहता है। कुंवर अमर का शौर्य सही काम करने और प्यार पाने की चाह में लगातार कठिन फैसलों के बीच फंसा रहता है, जबकि अली हसन का प्रताप ताकत और नियंत्रण के नशे में रिश्तों को भी अपने हिसाब से मोड़ना चाहता है।
अपने किरदार पर बात करते हुए आकांक्षा चमोला ने कहा कि यह उनके अब तक के सबसे भावनात्मक किरदारों में से एक है, जो इंसानी चाहत के अंधेरे पहलुओं को दिखाता है। वहीं कुंवर अमर का कहना है कि ‘दिल धोखा और डिज़ायर’ की कहानी अनपेक्षित मोड़ों से भरी है, जहां कोई आसान रास्ता नहीं है। अली हसन के मुताबिक, यह सीरीज़ दिखाती है कि जब ताकत और चाहत पर काबू न रहे, तो वह ज़िंदगियों को कैसे बर्बाद कर देती है।
मजबूत कहानी, गहराई से लिखे किरदार और इमोशनल इंटेंसिटी के साथ यह सीरीज़ सिर्फ देखने के लिए नहीं, बल्कि महसूस करने के लिए बनाई गई है। यह प्यार को ग्लैमराइज़ नहीं करती, बल्कि उसके जटिल, असहज और खतरनाक पहलुओं को सामने रखती है। वैलेंटाइन वीक में रिलीज हो रही यह सीरीज़ उन दर्शकों के लिए है, जो रोमांस में सच्चाई और तीखापन देखना चाहते हैं।
‘दिल धोखा और डिज़ायर’ 12 फरवरी, 2026 से सिर्फ शेमारूमी पर स्ट्रीम होगी। वैलेंटाइन सीज़न में अगर आप प्यार की एक अलग, डार्क और रोमांचक कहानी देखना चाहते हैं, तो यह वेब सीरीज़ आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए।