वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, गदगद हुए बिहार के CM, नीतीश कुमार ने किया 10 लाख के इनाम का ऐलान

पटना। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में सोमवार का दिन इतिहास में दर्ज हो गया, जब बिहार के 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने महज 35 गेंदों में शतक जड़कर आईपीएल के सबसे युवा शतकवीर बनने का रिकॉर्ड बना डाला। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 11 छक्के और 7 चौकों की मदद से यह तूफानी शतक पूरा किया।
सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने वैभव
वैभव सूर्यवंशी ने यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ते हुए आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज का गौरव हासिल किया। यूसुफ ने 2010 में 37 गेंदों में शतक लगाया था, जबकि वैभव ने महज 35 गेंदों में यह कारनामा कर दिखाया। यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी है।दिग्गज गेंदबाजों को किया धराशायी
बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अंतरराष्ट्रीय अनुभव के गेंदबाजों को भी धूल चटाई। उन्होंने ईशांत शर्मा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, राशिद खान और करीम जनत जैसे गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और टीम को 8 विकेट से जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।बिहार के लाल को मिला मुख्यमंत्री का आशीर्वाद
वैभव की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें फोन कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने X पर जानकारी दी कि राज्य सरकार वैभव को 10 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देगी।












