वर्दी पर दबंगई! इन्फ्लूएंसर ने थाने में तैनात हेड कांस्टेबल को थप्पड़ मारने की दी धमकी,

इंदौर। सोशल मीडिया की ताकत का खौफ दिखाकर पुलिस पर दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हीरानगर थाना क्षेत्र का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर बताने वाला युवक पुलिसकर्मी को खुलेआम धमकाता नजर आ रहा है। वीडियो में इन्फ्लूएंसर सोनू हीरानगर थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल खेम सिंह को न सिर्फ थप्पड़ मारने की धमकी देता दिख रहा है, बल्कि यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नशे में धुत युवकों की कार घुसी नर्सरी में
घटना मंगलवार रात की है। हीरानगर थाना क्षेत्र की स्कीम नंबर 136 स्थित जंगल कैफे के बाहर बनी नर्सरी में एक कार (MP09-CU-4222) अनियंत्रित होकर जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में सवार तीन युवक नशे की हालत में थे। कार की टक्कर से नर्सरी के बाहर खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान कार में सवार युवक मौके से भाग निकले, जबकि ड्राइवर राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। कार के भीतर से शराब की बोतलें मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस पर माफी मांगने का दबाव
हादसे की सूचना पर हेड कांस्टेबल खेम सिंह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान वहां मौजूद इन्फ्लूएंसर सोनू से उनकी तीखी बहस हो गई। सोनू ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ मारा, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उल्टा इन्फ्लूएंसर ही पुलिस पर दबाव बना रहा था। बहस के दौरान सोनू ने खुलेआम कहा कि अगर पुलिसकर्मी ने उससे माफी नहीं मांगी तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा। उसने दावा किया कि उसके एक करोड़ फॉलोअर्स हैं और वीडियो वायरल होने पर अंजाम भुगतना पड़ेगा।
इलाज की बात करता रहा पुलिसकर्मी
इस पूरे हंगामे के दौरान पुलिसकर्मी बार-बार घायल ड्राइवर को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की बात करते रहे, लेकिन इन्फ्लूएंसर और उसके साथियों ने माफी मांगने का दबाव बनाना जारी रखा। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले इसी जंगल रेस्टोरेंट में शहर के कई इन्फ्लूएंसर्स की नाइट पार्टी हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अब पुलिसकर्मी के साथ इस तरह के अमर्यादित व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर भी इन्फ्लूएंसर के रवैये की तीखी आलोचना हो रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है।




















