🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

उज्जैन कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार घायल

गुना के राघौगढ़ की गादेर घाटी के पास उज्जैन कांवड़ लेने जा रहे करीब 40 श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में चार श्रद्धालु घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
Follow on Google News
उज्जैन कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार घायल
उज्जैन कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी

राघौगढ़ क्षेत्र में उज्जैन कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गादेर घाटी के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय दो ट्रॉलियों में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार श्रद्धालु घायल हुए हैं जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

गादेर घाटी के पास बिगड़ा चालक का नियंत्रण

जानकारी के अनुसार, फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुरा, ग्राम पंचायत जोहरी के ग्रामीण धार्मिक यात्रा के लिए ट्रैक्टर से जुड़ी दो ट्रॉलियों में सवार होकर उज्जैन कांवड़ लेने जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन राघौगढ़ क्षेत्र की गादेर घाटी के पास पहुंचा, अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में मदद की।

ये भी पढ़ें: सिवनी मालवा कलेक्टर के निर्देश पर ग्राम मुंडियाखेड़ी में लगा जन स्वास्थ्य शिविर, 80 से अधिक ग्रामीणों ने लिया सेवाओं का लाभ

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन का अमला सक्रिय हो गया। एसडीएम राघौगढ़ अमित सोनी, एसडीओपी श्रीमती दीपा डुडवे और रूठियाई थाना प्रभारी रोहिल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य की निगरानी की। साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।

चार श्रद्धालु घायल, जिला अस्पताल में इलाज जारी

सूचना मिलने पर दो एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। एम्बुलेंस की मदद से घायल श्रद्धालुओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल गुना लाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल खतरे से बाहर हैं। हादसे में जैतपुरा निवासी कालीचरण धाकड़, वृंदावन बैरागी, हरिओम धाकड़ और ओमकुमार उर्फ भोला धाकड़ घायल हुए हैं।

ये भी पढ़ें: इंदौर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राजा रघुवंशी के दोनों भाईयों पर मामला दर्ज

दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटाकर यातायात कराया सुचारू

पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के साथ दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात को सुचारू कराया गया। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे में करीब 40 श्रद्धालुओं के सवार होने की बात सामने आई है। चार लोगों के घायल होने के बावजूद किसी की जान नहीं जाने से प्रशासन और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak
icon

Latest Posts