ट्विशा शर्मा केस में बड़ा मोड़ :आरोपी समर्थ सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया, हाईकोर्ट ने दिए दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश

ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को जबलपुर कोर्ट से हिरासत में लिया गया। हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश दिए हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की सीबीआई जांच के लिए केंद्र को पत्र भेजा है।
Follow on Google News
आरोपी समर्थ सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया, हाईकोर्ट ने दिए दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश
आरोपी समर्थ सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया

भोपाल की एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। कई दिनों से फरार चल रहे आरोपी पति समर्थ सिंह को पुलिस ने जबलपुर जिला कोर्ट से हिरासत में ले लिया। समर्थ कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन कोर्ट परिसर में ही पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।

इस दौरान समर्थ कैप, मास्क और चश्मा लगाए नजर आया। बताया जा रहा है कि पहचान छिपाने के लिए कोर्ट परिसर में उसके कपड़े भी बदलवाए गए। इसके बाद पुलिस उसे भोपाल लेकर रवाना हो गई। समर्थ सिंह पर ट्विशा शर्मा को दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप हैं। ट्विशा के परिवार ने शुरुआत से ही इसे संदिग्ध मौत बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। मामले को लेकर पूरे प्रदेश में चर्चा बनी हुई है और सोशल मीडिया पर भी लगातार न्याय की मांग उठ रही है।

हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमॉर्टम के दिए निर्देश

मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए ट्विशा शर्मा की डेडबॉडी का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली एम्स के डायरेक्टर के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम भोपाल एम्स में पोस्टमॉर्टम करेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि जांच में किसी तरह की शंका न रहे। कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया है कि तब तक शव को सुरक्षित रखा जाए। ट्विशा के परिवार ने पहले पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए थे और दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की थी। परिवार का कहना है कि मौत की असली वजह सामने आना जरूरी है।

कोर्ट नंबर-32 में मास्क लगाकर बैठा था समर्थ

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि समर्थ सिंह जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कोर्ट यानी कोर्ट नंबर-32 में मास्क लगाकर छिपकर बैठा था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किस अधिकार के तहत उसे वहां बैठने दिया गया। वकील ने यह भी कहा कि आरोपी लगातार मामले को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। वहीं, समर्थ के वकील जयदीप कौरव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हाईकोर्ट के सामने चार अलग-अलग मामले लगे थे। इनमें समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका, ट्विशा के पिता की दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग वाली याचिका और गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द करने से जुड़ी याचिकाएं शामिल थीं। उन्होंने बताया कि समर्थ की अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली गई है।

सीबीआई जांच के लिए केंद्र को भेजा गया पत्र

मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने भी बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेजकर सहमति दे दी है। बताया जा रहा है कि 20 मई को ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा रिटायर्ड सैनिकों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया था। सरकार की ओर से एडवोकेट जनरल प्रशांत सिंह ने हाईकोर्ट में कहा कि मामले में तीन तरह की याचिकाएं लगाई गई हैं। इनमें सबसे अहम रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को रद्द करने की मांग है। सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सशर्त अग्रिम जमानत की वजह से जांच प्रभावित हो सकती है और अभियोजन पक्ष को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा।

ये भी पढ़ें: Twisha Sharma: सीबीआई करेगी ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच, मध्य प्रदेश सरकार ने की सिफारिश

गिरिबाला सिंह की जमानत पर भी सवाल

ट्विशा के परिवार ने समर्थ सिंह की मां और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ट्विशा को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। सरकार ने हाईकोर्ट में अपील दायर कर गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग की है। शुक्रवार को जब गिरिबाला सिंह घर से बाहर निकलीं तो मीडिया ने उनसे सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उनके साथ मौजूद वकील मीडिया के सवालों से नाराज नजर आए। इस दौरान काफी देर तक बहस और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

समर्थ केस को प्रभावित कर रहा: नवनिधि शर्मा

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाया है कि समर्थ सिंह जुलाई 2023 से अगस्त 2025 तक मध्य प्रदेश सरकार में लीगल एडवाइजर के तौर पर काम कर चुका है। उनका कहना है कि फरारी के दौरान भी समर्थ मामले को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय सिंह को पत्र लिखकर कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे को हटाने की मांग भी की है। नवनिधि शर्मा ने कहा कि परिवार दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका में भी शव को माइनस 80 डिग्री में नहीं रखा जाता। माइनस 4 डिग्री तापमान पर्याप्त होता है। पुलिस बेवजह दबाव बना रही है कि हम जल्द शव ले जाएं, लेकिन हम सच सामने आने तक लड़ाई जारी रखेंगे।

ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Case Bhopal : ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा होगा पोस्टमार्टम, हाईकोर्ट की मंजूरी, पति समर्थ सिंह करेगा सरेंडर

पूरे प्रदेश की नजर अब जांच पर

ट्विशा शर्मा मौत मामला अब मध्य प्रदेश के सबसे चर्चित मामलों में शामिल हो चुका है। पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद अब समर्थ सिंह से पूछताछ की जाएगी। वहीं, सीबीआई जांच और दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हुई है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts