त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत :अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (DGP) और वरिष्ठ IPS अधिकारी अनुराग धनखड़ सोमवार (20 जुलाई) को अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में अपने कार्यालय के अंदर मृत पाए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह अपने कमरे में फंदे से लटके मिले। फिलहाल मामले में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पूरे मामले की जांच जारी है।
ऑफिस के कमरे में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर पुलिस मुख्यालय में अनुराग धनखड़ अपने कार्यालय के कमरे में संदिग्ध हालत में मिले। अधिकारियों ने उन्हें तुरंत अगरतला के गोविंद बल्लभ पंत (GBP) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच शुरू की।
48 मिनट तक चला CPR, लेकिन नहीं बच सकी जान
GBP अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर प्रदीप भौमिक ने बताया कि जब अनुराग धनखड़ को दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल लाया गया, तब उनके शरीर में जीवन के कोई संकेत नहीं थे। इसके बावजूद डॉक्टरों की टीम ने करीब 48 मिनट तक लगातार CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। दोपहर 12:48 बजे उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी मौत की वजह साफ
डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल लाए जाने तक उनकी नब्ज, ब्लड प्रेशर और अन्य जरूरी संकेत नहीं मिल रहे थे। इसलिए मौत के कारण के बारे में अस्पताल कुछ नहीं कह सकता। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अब उसी की रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आएगी।
बाहरी चोटों पर डॉक्टरों ने क्या कहा?
जब डॉक्टरों से शरीर पर किसी बाहरी चोट या गर्दन पर निशान के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि अस्पताल की प्राथमिकता मरीज को बचाना थी। विस्तृत जांच का समय नहीं था। ऐसे सभी सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मिलेंगे।
घटनास्थल सील, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और DGP के कार्यालय को सील कर दिया। पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है।
सरकार और पुलिस की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान
अब तक त्रिपुरा पुलिस और राज्य सरकार की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











