Tom Skerritt Death: ‘एलियन’ और ‘टॉप गन’ के दिग्गज अभिनेता टॉम स्केरिट का निधन, 93 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

हॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता टॉम स्केरिट का 93 साल की उम्र में निधन हो गया। वह ‘एलियन’, ‘टॉप गन’ और टीवी सीरीज ‘पिकेट फेंसेस’ में अपने यादगार किरदारों के लिए मशहूर थे। उनके निधन की पुष्टि उनके प्रचारक ने की है। परिवार के मुताबिक, अभिनेता ने बुधवार को प्राकृतिक कारणों से अंतिम सांस ली। टॉम स्केरिट का फिल्म और टेलीविजन में छह दशक से ज्यादा का करियर रहा। अपने दमदार अभिनय से उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और हॉलीवुड में खास पहचान बनाई।
‘एलियन’ और ‘टॉप गन’ में निभाए यादगार किरदार
टॉम स्केरिट ने 1979 में रिलीज हुई रिडले स्कॉट की साइंस-फिक्शन हॉरर फिल्म ‘एलियन’ में स्पेसशिप नोस्ट्रोमो के कैप्टन डलास का किरदार निभाया था। यह फिल्म उनके करियर की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल रही। इसके बाद 1986 में आई फिल्म ‘टॉप गन’ में उन्होंने कमांडर माइक ‘वाइपर’ मेटकाफ की भूमिका निभाई। फिल्म में वह नेवल फाइटर स्कूल के प्रशिक्षक बने थे। इस किरदार के जरिए भी उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।
‘पिकेट फेंसेस’ के लिए मिला एमी अवॉर्ड
फिल्मों के साथ-साथ टॉम स्केरिट ने टेलीविजन की दुनिया में भी शानदार काम किया। वह टीवी सीरीज ‘पिकेट फेंसेस’ में शेरिफ जिमी ब्रॉक के किरदार से काफी लोकप्रिय हुए। इस भूमिका के लिए उन्होंने 1993 में एमी अवॉर्ड जीता था। सीरीज में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली और वह टीवी के चर्चित अभिनेताओं में शामिल हो गए।
‘MAS*H’ से ‘टेड’ तक, कई फिल्मों में किया काम
टॉम स्केरिट ने अपने करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया। 1970 की फिल्म ‘MAS*H’ में उन्होंने सर्जन ड्यूक फॉरेस्ट का किरदार निभाया था। 1992 में रिलीज हुई रॉबर्ट रेडफोर्ड की फिल्म ‘अ रिवर रन्स थ्रू इट’ में वह एक पादरी की भूमिका में नजर आए। वहीं, 2012 की कॉमेडी फिल्म ‘टेड’ में भी उन्होंने काम किया। उनके अभिनय की खासियत यह थी कि वह गंभीर ड्रामा से लेकर साइंस-फिक्शन, हॉरर और कॉमेडी तक, अलग-अलग तरह की फिल्मों में अपनी छाप छोड़ते थे।
अमेरिकी वायु सेना में भी दी थी सेवाएं
टॉम स्केरिट का जन्म अमेरिका के डेट्रॉइट में हुआ था। उन्होंने वेन स्टेट यूनिवर्सिटी और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, लॉस एंजिल्स (UCLA) में पढ़ाई की। अभिनय की दुनिया में आने से पहले उन्होंने अमेरिकी वायु सेना में भी सेवाएं दी थीं। उन्होंने 1962 में कोरियाई युद्ध पर आधारित फिल्म ‘वॉर हंट’ से अपने फीचर फिल्म करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों और टीवी शो में लगातार काम किया और छह दशक से ज्यादा समय तक मनोरंजन जगत में सक्रिय रहे।
परिवार में पत्नी और पांच बच्चे
टॉम स्केरिट के परिवार में उनकी पत्नी जूली टोकाशिकी और पांच बच्चे हैं। उन्होंने जूली से 1998 में शादी की थी। इससे पहले उनकी शादी शार्लोट शैंक्स और सू ओरन से हुई थी। उनके निधन की खबर से हॉलीवुड ने एक ऐसे अभिनेता को खो दिया है, जिन्होंने कई पीढ़ियों के दर्शकों के लिए यादगार किरदार निभाए।




















