घंसौर में शराब के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, लखनादौन-मंडला स्टेट हाईवे पर किया चक्काजाम

सिवनी जिले की घंसौर तहसील के ग्राम मेहता में अवैध शराब की बिक्री के विरोध में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। मेहता सहित आसपास के गांवों की महिलाओं ने लखनादौन-मंडला स्टेट हाईवे-33 पर चक्काजाम कर दिया। महिलाओं ने गांवों में शराब की बिक्री पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
गांव-गांव शराब पहुंचाने का आरोप
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का आरोप है कि शराब दुकान से गांव-गांव शराब पहुंचाई जा रही है। उनका कहना है कि शराब के सेवन के कारण परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं के मुताबिक, घरों में बुजुर्गों, बच्चों और पतियों के व्यवहार से परिवार प्रभावित हो रहे हैं।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
महिलाओं ने बताया कि इस मामले में ग्राम पंचायत और आबकारी विभाग को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। महिलाओं का दावा है कि वे पहले भी शराब दुकान से ले जाई जा रही शराब पकड़ चुकी हैं और गांवों में अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठा चुकी हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज महिलाओं ने स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।




















