TVK ऑफिस के बाहर कड़ी सुरक्षा :पार्टी प्रत्याशी सेतुपति 1 वोट से जीते, शाम 4 बजे ममता बनर्जी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे सोमवार को घोषित हुए, जिनमें कई चौंकाने वाले राजनीतिक बदलाव देखने को मिले। सबसे बड़ा घटनाक्रम पश्चिम बंगाल में सामने आया, जहां पहली बार भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है। यह राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
तमिलनाडु में इस बार सबसे बड़ा राजनीतिक सरप्राइज देखने को मिला। फिल्म अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि, पार्टी बहुमत के आंकड़े से पीछे है, जिससे सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
गंगासागर से कन्याकुमारी तक भाजपा शासन
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों ने देश की राजनीति का समीकरण बदल दिया है। गंगासागर से कन्याकुमारी तक आए परिणामों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों (BJP+) का प्रभाव और मजबूत हुआ है, जबकि विपक्षी दलों को बड़ा झटका लगा है। इन नतीजों के बाद अब देश की करीब 78% आबादी और 72% भूभाग पर BJP+ का शासन हो गया है।
ममता बनर्जी की शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस
उधर, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया देंगी। उन्होंने एक दिन पहले गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि निर्वाचन आयोग और भाजपा ने मिलकर गड़बड़ी की है। ममता ने दावा किया कि 100 से अधिक सीटें लूटी गईं, उनके एजेंटों को बूथ में घुसने नहीं दिया गया और उन्हें खुद भी रोका गया तथा मारपीट की गई। उनके इन आरोपों से चुनावी माहौल और गरमा गया है।
तमिलनाडु में खत्म हुआ स्टालिन का राज
इन नतीजों का सबसे बड़ा असर विपक्षी राजनीति पर पड़ा है। बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों को भाजपा के खिलाफ मजबूत ‘पावर सेंटर’ माना जाता था, जहां ममता बनर्जी और एम.के. स्टालिन प्रमुख चेहरे थे। लेकिन इन राज्यों में झटके से विपक्ष की स्थिति कमजोर हुई है। केरल में कांग्रेस को मिली जीत कुछ राहत जरूर देती है, लेकिन इससे विपक्षी खेमे में आंतरिक खींचतान बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है। अब विपक्ष के सामने सत्ता हासिल करने से ज्यादा अपनी प्रासंगिकता बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।
लॉटरी किंग का परिवार चर्चा में
इसी बीच, ‘लॉटरी किंग’ सैंटियागो मार्टिन का परिवार भी चर्चा में आ गया है। उनकी पत्नी लीमा रोज ने AIADMK के टिकट पर लालगुडी सीट से 2,739 वोटों से जीत हासिल की। उनके बेटे और दामाद ने भी अलग-अलग दलों से चुनाव जीतकर कुल तीन सीटें परिवार के खाते में डाली हैं। लीमा रोज को राज्य की सबसे अमीर उम्मीदवार माना गया, जिनकी संपत्ति करीब 1,050 करोड़ रुपए बताई जाती है।











