इंदौर में 5 बसों में लगी आग :4 धमाके, प्रत्यक्षदर्शी बोले- सिलेंडर फटने जैसी आवाजें सुनाई दी

इंदौर के नवलखा इलाके में खड़ी 5 बसों में आग लग गई। आग की लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। हादसे की सूचना मिलते ही दो फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हादसे के दौरान मौजूद रहे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के दौरान 4 धमाके भी सुनाई दिए। ये गैस सिलेंडर फटने के जैसे थे। फिलहाल, इसकी प्रशासनिक पुष्टि नहीं हो पाई है। घटना नवलखा इलाके में तीन इमली के पास सोमवार सुबह की है। यहां बसें पार्क की जाती हैं।
वेल्डिंग करते समय लगी आग
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पार्किंग में खड़ी एक बस में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग करते समय निकली चिंगारी से बस में आग लग गई। शुरुआत में मामूली दिख रही आग कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई और आसपास खड़ी दूसरी बसों तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने पांच बसों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
यह भी पढ़ें: ‘प्रोजेक्ट चीता’ को नई रफ्तार! CM डॉ. मोहन यादव ने कूनो में छोड़े 2 बोत्सवाना चीते, राज्य में चीतों की संख्या 57!
पार्किंग में खड़ी थीं 20 से ज्यादा बसें
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय पार्किंग में 20 से ज्यादा बसें खड़ी थीं। आग फैलती देख मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। आनन-फानन में दूसरी बसों को वहां से हटाया गया, ताकि आग और ज्यादा न फैले।
पास में रिहायशी बस्ती होने की वजह से लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। कई परिवार बच्चों को लेकर सुरक्षित जगहों की तरफ भागते दिखाई दिए।
धमाकों से दहशत, लोगों ने सुनी तेज आवाजें
हादसे के दौरान चार तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके इतने जोरदार थे कि आसपास के घर तक हिल गए। कई लोगों ने आशंका जताई कि बसों में रखे गैस सिलेंडर या अन्य ज्वलनशील सामान फटने से ये धमाके हुए। हालांकि प्रशासन ने अभी धमाकों की आधिकारिक वजह की पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें: MP Weather Update : 8 जिलों में आंधी-बारिश, भोपाल-इंदौर संभाग में झुलसाने वाली गर्मी; 12 मई से लू का अलर्ट
धरने पर बैठे पार्षद
स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा ने हादसे के बाद प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पार्षद ने कहा कि इस तरह की अवैध पार्किंग की वजह से इलाके में हमेशा बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। घटना के विरोध में वह मौके पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने साफ कहा कि जब तक बसों को यहां से नहीं हटाया जाता और स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस आग लगने के सही कारणों की जांच कर रही है।











