PlayBreaking News

MP Weather Update :8 जिलों में आंधी-बारिश, भोपाल-इंदौर संभाग में झुलसाने वाली गर्मी; 12 मई से लू का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम ने बदला रुख, कहीं आंधी-बारिश तो कहीं तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। रतलाम में 45.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जबकि 12 मई से हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। जानिए किन जिलों में बारिश होगी और कहां पड़ेगी भीषण गर्मी, पढ़ें पूरा मौसम अपडेट।
Follow on Google News
8 जिलों में आंधी-बारिश, भोपाल-इंदौर संभाग में झुलसाने वाली गर्मी; 12 मई से लू का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश का मौसम इस समय दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। एक तरफ जहां कुछ जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर कई शहर भीषण गर्मी से तप रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दो टर्फ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में हालात और सख्त हो सकते हैं, क्योंकि 12 मई से लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी कर दिया गया है।

8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। इन जिलों में तापमान थोड़ा नियंत्रित रह सकता है, लेकिन मौसम अचानक बदल सकता है।

इन जिलों में पड़ेगी भीषण गर्मी

प्रदेश के भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग समेत कई जिलों में गर्मी ने फिर से जोर पकड़ लिया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, छतरपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर और शाजापुर में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है।

MP weather update

रतलाम बना सबसे गर्म शहर

रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रतलाम में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस सीजन में पहली बार इतना अधिक तापमान रिकॉर्ड हुआ है। इसके अलावा शाजापुर में 44 डिग्री, धार में 42.4 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री और नर्मदापुरम में 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।

बड़े शहरों का तापमान

शहर

अधिकतम तापमान (°C)

उज्जैन

42.4

इंदौर

41.9

भोपाल

40.4

ग्वालियर

38.4

जबलपुर

38.9

प्रमुख शहरों का विस्तृत तापमान 

शहर

अधिकतम

न्यूनतम

रतलाम

45.5

27.2

धार

42.4

26.6

उज्जैन

42.4

24.0

खंडवा

42.1

23.4

नर्मदापुरम

42.0

27.7

इंदौर

41.9

24.7

भोपाल

40.4

25.2

गुना

40.0

27.4

सागर

40.2

26.0

छिंदवाड़ा

38.8

22.8

जबलपुर

38.9

23.6

12 मई से लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने 12 मई से प्रदेश में हीटवेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर रतलाम और झाबुआ जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे लू चलने की संभावना है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत कई जिलों में तेज गर्मी का असर बना रहेगा।

अगले 4 दिन का मौसम पैटर्न

आने वाले चार दिनों में मौसम का मिजाज और सख्त होने वाला है। 11 मई को जहां कुछ जिलों में आंधी-बारिश और बाकी में तेज गर्मी रहेगी, वहीं 12 मई से हीटवेव की शुरुआत हो जाएगी। 13 और 14 मई को लू का असर और बढ़ेगा तथा ज्यादा जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।

Featured News

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम में यह बदलाव दो टर्फ लाइन और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। इससे पहले 30 अप्रैल से 10 मई तक लगातार बारिश का दौर चला, जिसमें वेस्टर्न डिस्टरबेंस और अन्य सिस्टम्स का प्रभाव रहा। अब वही सिस्टम गर्मी और आंधी-बारिश के रूप में असर दिखा रहे हैं।

गर्मी से बचाव के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचने के लिए जरूरी सलाह दी है। दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें। हल्के रंग के और सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि उन पर गर्मी का असर जल्दी होता है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts