तमिलनाडु जहरीली शराब कांड : मरने वालों का आंकड़ा 53 पहुंचा, इनमें 3 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर शामिल, स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम ने दी जानकारी

Follow on Google News
तमिलनाडु जहरीली शराब कांड : मरने वालों का आंकड़ा 53 पहुंचा, इनमें 3 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर  शामिल, स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम ने दी जानकारी
कल्लाकुरिचि। तमिलनाडु के कल्लाकुरिचि जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है। इनमें तीन महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर शामिल है। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एम सुब्रमण्यम ने इसको लेकर जानकारी दी है। एक दिन पहले (21 जून) स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में भर्ती जहरीली शराब पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें बेहतर इलाज मुहैया कराने के बारे में जानकारी ली।

जहरीली शराब की बिक्री रोकने टीमें गठित

जिलाधिकारी ने कहा, ”एक सुखद खबर यह है कि बीमार हुए लोगों में से तीन लोग ठीक हो गए हैं।” कल्लाकुरिची में उपचाराधीन मरीजों से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में जहरीली अवैध देशी शराब की बिक्री को रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। साथ ही अधिकारियों को गहन तलाशी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

लोगों से की जांच कराने की अपील

जिलाधिकारी प्रशांत ने बताया कि प्रशासन के पास जहरीली अवैध देशी शराब पीने से बीमार हुए लोगों का इलाज करने के लिए दवाओं का पर्याप्त भंडार है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में करुणापुरम में प्रभावित लोगों की संख्या जानने के लिए घर-घर जाकर गणना भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने जनता से अपील की कि जिन लोगों ने अवैध शराब का सेवन किया है, वे खुद ही जल्द से जल्द जांच कराएं और आवश्यकता पड़ने पर इलाज कराएं, ताकि उनके जीवन को खतरा न हो।

जहरीली शराब पीने से 165 लोग हुए थे बीमार

जहरीली शराब पीने से कुल 165 लोग बीमार हुए थे और उन्हें कल्लाकुरिची, जेआईपीएमईआर, सलेम और मुंडियाम्बक्कम सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से अब तक 53 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि इलाज करा रहे लोगों में से कुछ की हालत गंभीर है।

शराब पीने के बाद बिगड़ी थी तबियत

ये घटना 18 जून को कल्लाकुरिची जिले के करुणापुरम हुई। घटना के पीड़ितों में ज्यादातर दिहाड़ी मजदूर शामिल हैं। शराब पीने के बाद रात होते-होते इन लोगों को दस्त, उल्टी, पेट दर्द और आंखों में जलन होने लगी। जिसके बाद सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां पर इलाज के दौरान मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति के कन्नुकुट्टी (49) के पास से लगभग 200 लीटर जहरीली शराब बरामद की थी, जिसमें मेथनॉल मिला हुआ है।

CB-CID को सौंपी गई जांच

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मौतों पर दुख जताया और कहा कि, इसे रोकने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कल्लाकुरिची DM श्रवण कुमार जाटवथ का ट्रांसफर करने के साथ ही SP समय सिंह मीना को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा कल्लकुरिची जिले की निषेध शाखा के पुलिसकर्मियों समेत 9 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया है। एमएस प्रशांत को जिले का नया कलेक्टर और राजथ चतुर्वेदी को SP नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने मामले की जांच CB-CID को सौंप दी है।

ऐसे अपराधों को सख्ती से दबाया जाएगा : CM स्टालिन

तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन ने X पर लिखा, ‘कल्लाकुरिची में मिलावटी शराब पीने वाले लोगों की मौत की खबर सुनकर मैं स्तब्ध और दुखी हूं। इस मामले में अपराध में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसे रोकने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। अगर जनता ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के बारे में जानकारी देती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। समाज को बर्बाद करने वाले ऐसे अपराधों को सख्ती से दबाया जाएगा।’ ये भी पढ़ें- देश में एंटी-पेपर लीक कानून लागू, NEET, UGC-NET परीक्षा विवाद के बीच बड़ा फैसला, देर रात नोटिफिकेशन जारी
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts