सतना में लाइसेंसी बंदूक से चली गोली, सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी गंभीर रूप से घायल

सतना। मध्यप्रदेश के सतना में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मंदाकिनी विहार कॉलोनी में बुधवार शाम लाइसेंसी बंदूक से गोली चलने की घटना में सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी दीपमाला सिंह (50) गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली उनके पेट में लगी। परिजन और घर में रहने वाले किराएदार उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रीवा रेफर कर दिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर में शस्त्र पूजन के बाद बंदूक अलमारी में रखते समय गोली चलने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
मंदिर से बंदूक लेकर अलमारी में रखने जा रही थीं दीपमाला
परिवार के लोगों के अनुसार, मंगलवार को घर में शस्त्र पूजन किया गया था। बुधवार शाम दीपमाला सिंह मंदिर से लाइसेंसी बंदूक लेकर उसे अलमारी में रखने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो उनके पेट में लगी। गोली की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। दीपमाला के पति देवेंद्र प्रताप सिंह और घर में रहने वाले किराएदार उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। किराएदार अभिषेक सिंह के मुताबिक, चीखने और रोने की आवाज सुनकर वह कमरे में पहुंचे तो दीपमाला घबराई हुई थीं और उनके पेट में गोली लगी थी।
कमरे में मिली 12 बोर की बंदूक, खिड़की के कांच टूटे
घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मकान का ताला खुलवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे में लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक मिली। वहीं, किचन के पास रखे दीवान पर खिड़की के टूटे हुए कांच बिखरे मिले।पुलिस के निरीक्षण के दौरान मौके पर खून के निशान और कारतूस का खाली खोखा नहीं मिला। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रीवा में पदस्थ हैं सहायक आबकारी अधिकारी
दीपमाला सिंह के पति देवेंद्र प्रताप सिंह रीवा में सहायक आबकारी अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। वह अवकाश पर सतना आए हुए थे। घटना के समय घर में मौजूद लोगों से पुलिस जानकारी जुटा रही है, ताकि गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
सतना रेलवे स्टेशन पर युवकों के बीच मारपीट, सामने खड़े रहे GRP-RPF जवान; Viral Video
पुलिस ने मकान की चाबी अपने पास रखी
सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा के अनुसार, पुलिस ने कमरे और किचन का बारीकी से निरीक्षण किया है। मकान में रहने वाले किराएदारों से भी पूछताछ की गई। फिलहाल पुलिस ने मकान में ताला लगवाकर उसकी चाबी अपने पास रख ली है।




















