सोहागपुर में महाअष्टमी- महानवमी पर हवन-पूजन और कन्या भोज, भंडारों में उमड़े श्रद्धालु

सोहागपुर। शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी और महानवमी के अवसर पर सोहागपुर के विभिन्न देवी पंडालों में धार्मिक आयोजनों की धूम रही। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन और पूर्णाहुति संपन्न हुई। इसके बाद कन्या पूजन, कन्या भोज और भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना और व्रत करने वाले भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने व्रतों का समापन किया। पूरे नगर में भक्तिमय माहौल रहा और देवी पंडाल मां दुर्गा के जयकारों से गूंजते रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन
महाअष्टमी और महानवमी पर नगर के विभिन्न देवी पंडालों और पूजा स्थलों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। देवी पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। आचार्यों और पुरोहितों ने पारंपरिक विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया। हवन कुंड में वैदिक मंत्रों के बीच आहुतियां अर्पित की गईं। मुख्य यजमानों के साथ अन्य श्रद्धालुओं ने भी हवन में भाग लेकर माता रानी से मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
कन्या पूजन के बाद शुरू हुए भंडारे
हवन-पूजन और पूर्णाहुति के बाद विभिन्न देवी पंडालों में कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं का पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन किया। उनके पैर पखारे, चुनरी ओढ़ाई और खीर, पूरी, हलवा सहित विभिन्न पकवानों का प्रसाद परोसा। कन्या पूजन के बाद देवी पंडालों में भंडारे शुरू हुए। विभिन्न समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया। भंडारों का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
सोहागपुर में मंगलम गरबा महोत्सव 3.0 का शुभारंभ, गुजराती-पंजाबी गानों पर झूमे युवा और महिलाएं
आकर्षक झांकियां और विद्युत सज्जा ने मोहा मन
नवरात्रि के अंतिम दिनों में नगर के देवी पंडाल आकर्षक विद्युत सज्जा और भव्य झांकियों से सजाए गए। महाअष्टमी और महानवमी पर कई पंडालों में विशेष महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विभिन्न पूजा समितियों ने अपनी सुविधानुसार पंचमी, सप्तमी और अष्टमी को भी महाआरती आयोजित की थी। पंडालों में लगातार बनी रही श्रद्धालुओं की आवाजाही और गूंजते जयकारों ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।
देवी प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां शुरू
नवरात्रि के समापन के साथ ही नगर में देवी प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला भी शुरू हो गया। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना करने वाले श्रद्धालु भावपूर्ण माहौल में माता रानी को विदाई देने की तैयारियों में जुटे रहे।




















