सिंगापुर के ITB एशिया 2026 में छाया मध्यप्रदेश पवेलियन, रतलामी सेव और गजक ने लुभाए विदेशी मेहमान

भोपाल। सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पका अंबुले ने मरीना बे सैंड्स स्थित सैंड्स एक्सपो एंड कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन किया। 23 अक्टूबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय मेले में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की टीम अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स और निवेशकों के साथ बैठकें कर रही है।
विरासत, वन्यजीव और आध्यात्म की थीम पर सजा पवेलियन
मध्यप्रदेश पवेलियन को राज्य की समृद्ध विरासत, संस्कृति, प्रचुर वन्यजीव, आध्यात्म, वेलनेस और सतत पर्यटन की थीम पर आकर्षक रूप से सजाया गया है। यहां आने वाले अंतरराष्ट्रीय आगंतुक वर्चुअल रियलिटी तकनीक के जरिए मध्यप्रदेश के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का जीवंत अनुभव ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें: स्कूल शिक्षा विभाग में 20 हजार पदों पर होगी भर्ती, सीएम मोहन यादव ने 950 आश्रितों को सौंपे अनुकंपा नियुक्ति पत्र
गजक और रतलामी सेव का स्वाद विदेशी मेहमानों को लुभा रहा
पवेलियन में पारंपरिक आतिथ्य सत्कार के तहत जीआई टैग प्राप्त मुरैना की मशहूर गजक और रतलामी सेव भी परोसी जा रही है। इन पारंपरिक स्वादों के जरिए विदेशी मेहमानों को मध्यप्रदेश की खानपान संस्कृति से परिचित कराया जा रहा है। यह तीन दिवसीय प्रतिष्ठित पर्यटन मेला 23 अक्टूबर तक चलेगा।
टूर ऑपरेटर्स और निवेशकों के साथ B2B बैठकें
मेले के दौरान मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की टीम सिंगापुर और दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स और निवेशकों के साथ लगातार बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकें कर रही है। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय यात्रा पैकेजों और आईटिनररी में मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्रमुखता से शामिल कराना और राज्य में पर्यटन निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में पहचान बढ़ाने की तैयारी
इस अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से एशियाई आउटबाउंड टूरिज्म बाजार की प्राथमिकताओं और नए रुझानों को समझने में मदद मिलेगी। इससे भविष्य के लिए एक मजबूत मार्केटिंग रणनीति तैयार होगी, जिससे मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पटल पर एक प्रमुख यात्रा गंतव्य के रूप में पहचान मिलेगी और राज्य में विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।




















