संगीतकार देवा के भतीजे कार्तिक सबेश का निधन, 37 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

तमिल फिल्म इंडस्ट्री से एक और दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता कार्तिक सबेश का 37 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कार्तिक संगीतकार सबेश के बेटे और दिवंगत संगीतकार देवा के भतीजे थे। उनके निधन से परिवार और फिल्म जगत में शोक का माहौल है। वह अपने पीछे पत्नी रम्या कार्तिक और दो बेटियां छोड़ गए हैं।
लंबे समय से बीमार थे कार्तिक सबेश
रिपोर्ट के मुताबिक, कार्तिक सबेश की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोमवार रात करीब 11:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। हालांकि, उनकी बीमारी से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। कार्तिक के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके परिवार, परिचितों और तमिल फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में शोक है। रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार शाम 4:30 बजे चेन्नई के वलसरवक्कम स्थित श्मशान स्थल पर उनका अंतिम संस्कार किया जाना तय था।
'डम' और 'वल्लवन' जैसी फिल्मों में किया काम
कार्तिक सबेश तमिल सिनेमा की कई फिल्मों में नजर आए थे। इनमें ‘डम’, ‘वल्लवन’, ‘पट्टाथु यानई’ और ‘कुलिर 100’ जैसी फिल्में शामिल हैं। वह ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते थे, जिसका दक्षिण भारतीय संगीत और सिनेमा से गहरा संबंध रहा है। उनके पिता सबेश संगीतकार हैं, जबकि उनके चाचा देवा तमिल फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित संगीतकारों में शामिल थे।
देवा के निधन के कुछ दिन बाद परिवार को दूसरा बड़ा दुख
कार्तिक सबेश के निधन की खबर ऐसे समय आई है, जब उनका परिवार संगीतकार देवा के निधन के दुख से उबर भी नहीं पाया था। देवा का 17 अक्टूबर को 75 साल की उम्र में चेन्नई में निधन हो गया था। अब उनके भतीजे कार्तिक के जाने से परिवार को एक और बड़ा नुकसान हुआ है। देवा को तमिल सिनेमा में ‘थेनिसाई थेंदरल’ के नाम से जाना जाता था। उन्होंने तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं की 400 से अधिक फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया था। उनके संगीत से सजी कई फिल्मों को दर्शकों के बीच लोकप्रियता मिली।
रजनीकांत और कमल हासन ने दी थी श्रद्धांजलि
संगीतकार देवा के निधन पर अभिनेता रजनीकांत, कमल हासन और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सहित कई प्रमुख हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी थी। देवा ने रजनीकांत की ‘अन्नामलाई’, ‘अरुणाचलम’ और ‘बाशा’ जैसी चर्चित फिल्मों के लिए संगीत दिया था। उन्होंने कई गाने तैयार किए और खुद भी गायन किया। देवा और कार्तिक सबेश के निधन से दक्षिण भारतीय फिल्म जगत में शोक का माहौल है।




















