मौत की अफवाहों के बीच सामने आए किम जोंग उन, एक प्रदर्शनी की नई तस्वीरें जारी हुईं

प्योंगयांग/बीजिंग। उत्तर कोरिया ने तानाशाह किम जोंग उन मौत की खबरों के बीच उनकी कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इनमें वे एक कपड़ा और जूता प्रदर्शनी में शामिल होते नजर आ रहे हैं। यह फोटो तब सामने आई हैं, जब सोशल मीडिया पर बिना किसी पुष्टि के दावा किया जा रहा था कि ब्रेन हैमरेज के कारण उनकी मौत हो गई है। उत्तर कोरिया के सरकारी अखबार 'रोडोंग सिनमुन' ने उनके जीवित होने के सबूत के तौर पर ये तस्वीरें प्रकाशित की हैं। इससे पहले चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के कुछ विरोधी नेताओं ने बिना सबूत दावा किया था कि 42 साल के किम जोंग उन की मौत हो गई है या वे कोमा में हैं। उन्हें इलाज के लिए बीजिंग ले जाया जा रहा है।
देश के मीडिया में जारी की नई फोटो
एक तस्वीर में किम जोंग उन आगे झुककर एक छोटे गुलाबी जूते को देखते दिख रहे हैं, जिसे हल्के गुलाबी ड्रेस पहनी एक महिला पकड़े हुए है। दूसरी तस्वीर में वे हाथ फैलाए और किसी अधिकारी से बात करते नजर आ रहे हैं। तीसरी तस्वीर में वे एक मैनक्विन पर लगे महिलाओं के रस्ट-कलर कोट की आस्तीन की तरफ हाथ बढ़ाते दिख रहे हैं। इसी फोटो में उनके पीछे चलते कुछ लोग दिख रहे हैं। किम के सामने आने का यह सबूत अमेरिका में रहने वाले चीनी असंतुष्ट वानजुन जी के सनसनीखेज दावों के बाद आया है। वानजुन 'चाइना डेमोक्रेसी पार्टी' से जुड़े हैं और उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ये आरोप लगाए थे। वानजुन ने पहले दावा किया था कि तानाशाह की मौत हो चुकी है और सत्ता संघर्ष की आशंका के बीच बीजिंग ने प्योंगयांग में 9,000 सैनिक भेजे हैं। बाद में उन्होंने कहा कि किम को गंभीर सेरेब्रल हैमरेज होने के बाद बीजिंग के 'पेकिंग यूनियन मेडिकल कॉलेज अस्पताल' से डॉक्टरों की टीम को उत्तर कोरिया भेजा गया था। उनके मुताबिक, उत्तर कोरियाई नेता कोमा में चले गए थे, जिसके बाद उन्हें बीजिंग ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।
शव उत्तर कोरिया भेजने का दावा भी किया था
वानजुन ने यह भी दावा किया कि उत्तर कोरियाई नेता के शव को गुपचुप तरीके से वापस उत्तर कोरिया भेज दिया गया है। हालांकि इन आरोपों को लेकर कोई सबूत, गवाह या स्वतंत्र रूप से पुष्टि करने योग्य कोई प्रमाण पेश नहीं किया गया। इसके बावजूद ये अफवाहें तेजी से फैल गईं और चर्चा होने लगी कि क्या किम की प्रभावशाली बहन किम यो जोंग ने इस गुप्त शासन की कमान संभाल ली है। यह नई अटकलबाजी साल 2020 में फैली एक गलत अफवाह की याद दिलाती है। उस वक्त उत्तर कोरिया छोड़कर दक्षिण कोरिया में बसने वाले और बाद में सांसद बने जी सियोंग-हो ने दावा किया था कि उन्हें 99 प्रतिशत यकीन है कि कार्डियोवैस्कुलर सर्जरी के बाद किम की मौत हो चुकी है। हालांकि बाद में किम जोंग उन सार्वजनिक रूप से सामने आए और जी सियोंग-हो को अपने गलत दावे के लिए माफी मांगनी पड़ी थी।




















