Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

David Warner :तीन गिलास वाइन… ड्रिंक एंड ड्राइव केस में बुरे फंसे डेविड वॉर्नर! 18 अगस्त को कोर्ट सुनाएगी सजा

वॉर्नर के वकील ने पहले ही साफ कर दिया था कि उनका मुवक्किल अपनी गलती मानने वाला है। कोर्ट में उन्होंने कहा कि वॉर्नर को अब इस बात का पछतावा है। उन्हें समझ आ गया है कि उस समय उन्हें खुद गाड़ी नहीं चलानी चाहिए थी।
तीन गिलास वाइन… ड्रिंक एंड ड्राइव केस में बुरे फंसे डेविड वॉर्नर! 18 अगस्त को कोर्ट सुनाएगी सजा
ड्रिंक एंड ड्राइव मामले में फंसे डेविड वॉर्नर

स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार वजह उनका क्रिकेट का मैदान नहीं, बल्कि ड्रिंक एंड ड्राइव का मामला है। और अब उनका ड्रिंक एंड ड्राइविंग का मामला कोर्ट तक पहुंचा चुका हैं। जहां शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में वॉर्नर ने कोर्ट में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इस बीच उनके इस कबूलनामे ने सिर्फ कानूनी मुश्किलें ही नहीं बढ़ाई हैं, बल्कि बिग बैश लीग में सिडनी थंडर की कप्तानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस केस में वॉर्नर को 18 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी।

बुधवार को वेवरली लोकल कोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई। यहां वॉर्नर को खुद कोर्ट में मौजूद होने की जरूरत नहीं पड़ी। उनकी तरफ से वकील बॉबी हिल पेश हुए और उन्होंने कोर्ट को बताया कि वॉर्नर ईस्टर संडे को हुई ड्रिंक एंड ड्राइव की घटना में अपनी गलती स्वीकार कर रहे हैं। 

क्या है पूरा मामला

पूरा मामला 5 अप्रैल का है। उस समय वॉर्नर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से ब्रेक लेकर ऑस्ट्रेलिया लौटे थे। उसी दिन सिडनी के पूर्वी इलाके में पुलिस ने उनकी कार को जांच के लिए रोका। शुरुआती जांच के बाद उन्हें मारूब्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उनका ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट किया गया। रिपोर्ट में जो सामने आया, उसने सबको चौंका दिया। वॉर्नर के शरीर में अल्कोहल का स्तर 0.104 पाया गया, जो ऑस्ट्रेलिया में तय कानूनी सीमा से दोगुने से भी ज्यादा था। इसके बाद उनके खिलाफ मिड-रेंज ड्रिंक एंड ड्राइव का मामला दर्ज कर लिया गया।

वॉर्नर को हुआ अपनी गलती पर पछतावा

वॉर्नर के वकील ने पहले ही साफ कर दिया था कि उनका मुवक्किल अपनी गलती मानने वाला है। कोर्ट में उन्होंने कहा कि वॉर्नर को अब इस बात का पछतावा है। उन्हें समझ आ गया है कि उस समय उन्हें खुद गाड़ी नहीं चलानी चाहिए थी। अगर वे टैक्सी या उबर जैसी कैब सेवा का इस्तेमाल करते, तो यह स्थिति पैदा ही नहीं होती।

यह भी पढ़ें: आज से कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की शुरुआत : भारत से 125 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में, जानें इस बार के खेलों में क्या है नया

सिर्फ 11 मिनट पहले ली थी आखिरी ड्रिंक

वकील ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन वॉर्नर अपने एक दोस्त के अपार्टमेंट में थे। वहां उन्होंने तीन गिलास वाइन पी थी। इतना ही नहीं, पुलिस द्वारा रोके जाने से सिर्फ 11 मिनट पहले उन्होंने आखिरी ड्रिंक लिया था। इसके बावजूद उन्होंने खुद कार चलाने का फैसला किया, जिसे उनके वकील ने भी लापरवाही भरा कदम बताया। वकील के मुताबिक, वॉर्नर अपनी गलती स्वीकार कर चुके हैं और अपने किए पर शर्मिंदा हैं। उन्होंने अदालत से नरमी बरतने की अपील जरूर की है, लेकिन साथ ही यह भी कहा है कि अगर कोर्ट उन्हें कोई सजा देता है तो वे आम नागरिक की तरह उसे स्वीकार करेंगे।

ड्रिंक एंड ड्राइव से खतरे में कप्तानी

इस मामले का असर अब क्रिकेट पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। डेविड वॉर्नर बिग बैश लीग में सिडनी थंडर टीम के कप्तान हैं। लेकिन उनके दोष स्वीकार करने के बाद उनकी कप्तानी पर खतरा मंडराने लगा है। फिलहाल टीम की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ली जर्मन ने इस मामले को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम हमेशा सुरक्षित ड्राइविंग का समर्थन करती है। ड्रिंक एंड ड्राइव जैसी लापरवाही को किसी भी हालत में सही नहीं ठहराया जा सकता।

Featured News

क्या कहता है ऑस्ट्रेलिया का कानून?

ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य में शराब पीकर गाड़ी चलाने के लिए सख्त कानून हैं। अगर कोई व्यक्ति पहली बार मिड-रेंज PCA का दोषी पाया जाता है, तो उसे अधिकतम 9 महीने तक की जेल हो सकती है। इसके अलावा 2,200 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है। इतना ही नहीं, दोषी का ड्राइविंग लाइसेंस 6 महीने से लेकर 12 महीने तक के लिए निलंबित किया जा सकता है। अब देखना होगा कि 18 अगस्त को कोर्ट क्या फैसला सुनाता है। साथ ही यह भी साफ होगा कि इस मामले का असर डेविड वॉर्नर के क्रिकेट करियर और सिडनी थंडर की कप्तानी पर कितना पड़ता है।

Aakash Waghmare
By Aakash Waghmare

आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...Read More

Latest Posts