सोहागपुर में तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार छात्रा को मारी टक्कर, मौत

सोहागपुर। महुआखेड़ा स्कूल से परीक्षा देकर साइकिल से घर लौट रही 14 वर्षीय छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा महुआखेड़ा और पामली के बीच हुआ, जहां एक मोटरसाइकिल ने छात्रा की साइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार ग्राम पामली निवासी राजकुमार पिता बदामीलाल अहिरवार ने बताया कि राखी पिता आरतीलाल अहिरवार (14), निवासी ग्राम टड़ा, हाल निवासी पामली, रिश्ते में उनकी भांजी लगती थी और पास में ही रहती थी। राखी महुआखेड़ा स्कूल में पढ़ती थी।
टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गई थी छात्रा
राखी परीक्षा देने के बाद करीब दोपहर 1:30 बजे साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान महुआखेड़ा एवं पामली के बीच सौरव केवट मोटरसाइकिल चला रहा था, जिसके पीछे कृष्ण केवट बैठा था। आरोप है कि सौरव केवट ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक मोटरसाइकिल चलाते हुए राखी की साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में राखी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ा
परिजन घायल राखी को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सोहागपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।


















